यूपी: इकबाल की पत्नी को पुलिस ने लिया हिरासत में, पूछताछ जारी, निशाने पर बांग्लादेशियों के राजदार
सहारनपुर में जनकपुरी थाना पुलिस ने शनिवार को बांग्लादेशी नागरिक इकबाल की पत्नी रूबी को हिरासत में लिया है। इकबाल का परिवार जनकपुरी थाना क्षेत्र के गांव सिंभालकी जुनारदार में रह रहा था। एटीएस ने इकबाल और उसके भाई फारुख को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में रहने के आरोप में तीन दिन पूर्व गिरफ्तार किया था।
निशाने पर बांग्लादेशियों के राजदार
बांग्लादेशी नागरिकों को रिमांड पर लेने के बाद एटीएस की टीम लखनऊ में पूछताछ के साथ ही सहारनपुर में उनसे जुड़े राजदारों से संपर्क कर पड़ताल को आगे बढ़ा रही है। इनमें इकबाल की पत्नी रूबी के अलावा कमेला कॉलोनी में उनके संपर्क में रहने वालों से जानकारियां जुटाई जाएंगी।
एटीएस की टीम ने मंगलवार को जिले से दो बांग्लादेशी भाइयों इकबाल और फारुख को गिरफ्तार किया था। आरोपियों को लखनऊ स्थित कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया था। अब इन्हें आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
वहीं, बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध प्रवास के दौरान की गतिविधियों और बाहरी संपर्कों के बारे में इकबाल की पत्नी रूबी को अहम राजदार माना जा रहा है। थाना जनकपुरी पुलिस सिंभालकी जुनारदार में रह रही रूबी, उसके बच्चों और आसपास के ग्रामीणों से तीन बार पूछताछ कर चुकी है। दो बार रूबी को थाने पर लाकर भी पूछताछ की गई थी।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन में पूरी तरह हार चुकी थीं ये नेशनल खिलाड़ी, मन में आए खौफनाक ख्याल, फिर जिंदगी को ऐसे बदला, तस्वीरें
अब एटीएस की टीम पश्चिमी बंगाल से लेकर सहारनपुर तक बांग्लादेशी नागरिकों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पश्चिमी बंगाल में मोनूपारा चटगांव और उल्टाडांगा कर्नलगंज से लेकर सहारनपुर में कमेला कालोनी, सिंभालकी जुनारदार के अलावा थाना जनकपुरी और मंडी कोतवाली में पड़ने वाले क्षेत्रों में इकबाल और फारुख के कनेक्शन ढूंढे जा रहे हैं।
अन्य देशों में उनकी यात्रा के बारे में अब तक ज्यादा ब्योरा नहीं मिला है। यह तो तय है कि रूबी बांग्लादेशी है, लेकिन आरोपियों ने पश्चिम बंगाल के मूल पते पर सभी दस्तावेज बनवाए थे।
रूबी की गिरफ्तारी करनी है या नहीं, एटीएस करेगी तय
सहारनपुर एसएसपी डाक्टर एस. चनप्पा का कहना है कि एटीएस की विवेचना से तय होगा कि रूबी को गिरफ्तार किया जाए या नहीं। स्थानीय स्तर पर भी जांच तेज कर दी गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/