शर्मनाक: नौकरी दिलाने के नाम पर तीन सिपाहियों ने युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मेरठ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप जेल में तैनात तीन सिपाहियों पर है। मामले में पीड़िता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी ओपी सिंह समेत आला अफसरों से न्याय की गुहार लगाई है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने सीएम को लिखे पत्र में बताया कि उनका दूर का एक रिश्तेदार बागपत जेल में सिपाही के पद पर तैनात है। अक्सर वह अपने दो साथियों के साथ उसके घर आता था। एक दिन उसने मेरठ या मुजफ्फरनगर की जेल में महिला सिपाही के पद पर नौकरी लगवाने का दावा किया।
इसके लिए 10 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। रिश्तेदार होने के कारण परिवार को उस सिपाही पर भरोसा हो गया। परिवार ने सिपाही को आठ लाख रुपये दे दिए। शैक्षिक कागजात लेकर सिपाही ने 10 माह के भीतर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।
नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि बीती 26 जनवरी को सिपाही अपने दोनों साथियों के साथ उनके घर आया। उसने कहा कि सारी सेटिंग हो चुकी है। कारागार मंत्री से डीआईजी जेल को फोन करा दिया है। अब बस उसे अफसर से मुलाकात करनी है। इसके बाद नियुक्ति हो जाएगी। आरोप है कि तीनों उसे बिना नंबर की गाड़ी से बागपत की ओर ले गए। कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना ली।
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि तीन दिन तक तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मेरठ रोड पर छोड़कर फरार हो गये। उन्होंने धमकाया कि अगर परिवार ने पुलिस से शिकायत की तो उसकी वीडियो वायरल कर देंगे। परिवार को भी जान से मार देंगे। तीनों ने कहा कि जेल में बंद अपराधियों से उनके संबंध हैं। बागपत जेल में अंडरवर्ल्ड डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या भी उन्होंने ही कराई थी।
छात्रा को मथुरा में बंधक बनाकर दुष्कर्म
उधर एक दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर एक युवक ने शहर के एक कॉलेज की छात्रा के साथ मथुरा के एक होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। छात्रा ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी बोला कि इंस्पेक्टर मेरा दोस्त है। शुक्रवार को छात्रा ने लालकुर्ती थाने में तहरीर दी।
कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि सात साल पहले सरूरपुर क्षेत्र के एक युवक से दोस्ती हो गई थी। उससे अक्सर बातचीत होती थी। इस दौरान युवक की मथुरा में इंडियन ऑयल कंपनी में जॉब लग गई। युवक ने छात्रा को मथुरा बुलाया। आरोप है कि युवक छात्रा को एक होटल में ले गया। वहां बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसकी अश्लील क्लिप भी बना ली। विरोध करने पर युवक ने छात्रा से मारपीट की और बस में बैठाकर मेरठ भेज दिया।
शादी करने का किया था वादा
युवती ने बताया कि उक्त युवक ने शादी करने का वादा किया था। नौकरी लगने के बाद उसने संबंध बनाने की बात कही। लेकिन उसने आपत्ति जताई थी। युवती का कहना है कि अब वह अपने घर भी नहीं जा सकती। थाना पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। शनिवार को वह एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/