मोदी लहर में नहीं टिक पाया विपक्ष, यूपी के इस जिले में भी चला था भाजपा का सिक्का
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बिजनौर जिले की दोनों लोक सभा सीटों पर 2014 में भाजपा का कब्जा रहा था। मोदी लहर और दंगों के बाद बने माहौल में विपक्ष का सफाया हो गया था। 2009 में बिजनौर सीट पर रालोद का कब्जा रहा था, लेकिन तब रालोद का भाजपा के साथ गठबंधन था और वह एनडीए का हिस्सा था।
बिजनौर लोकसभा सीट पर साल 2009 के चुनाव में रालोद ने कब्जा कर लिया था। रालोद भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ी थी। रालोद से संजय सिंह चौहान को चुनाव मैदान में उतारा था। उन्होंने बसपा प्रत्याशी शाहिद सिद्दीकी को चुनाव में मात दी थी।
संजय सिंह चौहान पहली बार रालोद के टिकट पर सांसद बने थे। चुनाव के बाद भाजपा और रालोद में खटास पैदा हो गई। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अजित सिंह कांग्रेस के साथ चले गए थे। साल 2014 के चुनाव में भाजपा ने भारतेंद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतार दिया। मोदी लहर में बसपा, सपा समेत किसी भी दल का प्रत्याशी नहीं टिक पाया था।
रालोद और कांग्रेस की संयुक्त प्रत्याशी अभिनेत्री जयाप्रदा चुनाव में अपनी जमानत तक नहीं बचा पाईं। उन्हें उम्मीद थी कि बिजनौर सीट से चुनाव लड़कर वे जीत की हैट्रिक लगा देंगी। मोदी लहर में वोटरों ने उन्हें नापसंद कर दिया। भाजपा प्रत्याशी भारतेंद्र सिंह बंपर वोटों के साथ चुनाव जीतकर पहली बार सांसद बने थे।
नगीना में भी चला था भाजपा का सिक्का
परिसीमन के बाद 2009 में हुए पहले चुनाव में नगीना सुरक्षित लोकसभा सीट सपा के खाते में गई थी। 2014 में भाजपा ने यह सीट सपा से छीन ली थी। बसपा अभी इस सीट पर जीत से दूर है। सुरक्षित होने के बाद पहली बार नगीना लोकसभा सीट पर पहली बार 2009 में चुनाव हुआ। इस सीट पर सपा ने परचम लहराया था। सपा से यशवीर सिंह ने चुनाव में बसपा के आरके सिंह को शिकस्त दी थी।
आरके सिंह की पत्नी ओमवती उस समय बसपा सरकार में मंत्री थीं। 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर में बसपा छोड़कर भाजपा में आए डॉ. यशवंत सिंह सांसद बने। उन्होंने सपा के यशवीर सिंह को चुनाव में पटखनी दी। बसपा तीसरे नंबर पर रही थी।
2009 के चुनाव में नगीना कांग्रेस के इसन सिंह को 31 हजार से ज्यादा वोट मिले। लेकिन 2014 के चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस, रालोद और महान दल गठबंधन में यह सीट महान दल को गई। महान दल के भगवान दास राठौर जमानत भी नहीं बचा पाए। पीस पार्टी से चुनाव लड़े भाजपा से पूर्व सांसद रहे शीशराम रवि को गठबंधन प्रत्याशी से तीन गुना से भी ज्यादा वोट मिले थे।
बिजनौर लोकसभा सीट
2009 लोकसभा सीट बिजनौर
प्रत्याशी पार्टी वोट
संजय चौहान रालोद 244587
शाहिद सिद्दीकी बसपा 216157
सईदुज्जमां कांग्रेस 85158
करतार सिंह भड़ाना राकांपा 74821
यशवीर सिंह सपा 51089
2014 बिजनौर लोकसभा सीट
भारतेंद्र सिंह भाजपा 486913
शाहनवाज राना सपा 281136
मलूक नागर बसपा 230124
जयाप्रदा रालोद 24348
2009 लोकसभा चुनाव नगीना
यशवीर सिंह सपा 234815
आरके सिंह बसपा 175127
मुंशीराम पाल रालोद 163062
इसन सिंह कांग्रेस 31779
2014 लोकसभा चुनाव नगीना
डा.यशवंत सिंह भाजपा 367825
यशवीर सिंह सपा 275435
गिरीशचंद्र बसपा 245685
शीशराम रवि पीस पार्ट 21334
भगवानदास राठौर महान दल 4581
सारिका चौधरी आप 3695