यूपी: मेरठ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 25 हजारी बदमाश घायल
मेरठ में नौचंदी पुलिस की रविवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगी। इंस्पेक्टर नौचंदी तपेश्वर सागर के अनुसार कैलाशपुरी में चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोका गया तो दोनों युवकों ने बाइक दौड़ा दी।
पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश ताज मोहम्मद पुत्र याकूब निवासी मोहल्ला कल्याण सिंह मवाना के पैर में गोली लगी। उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा।
घायल बदमाश ताज मोहम्मद पर 25 हजार रुपये का इनाम है और नौचंदी थाने से मोबाइल फोन लूटने की दो वारदातों में वांछित हैं। उसके पास से एक स्कूटी, एक तमंचा, दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
घायल बदमाश ताज मोहम्मद पर थाना इंचौली सहित बाइक चोरी व लूट के मुकदमों के अलावा मुजफ्फरनगर बिजनौर, गाजियाबाद के थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
20 हजार का इनामी बदमाश धरा
गंगानगर पुलिस ने सिखेड़ा पुलिया पर मुठभेड़ में बीस हजार के इनामी बदमाश साजिद पुत्र इदरीश निवासी जसौरा थाना मुंडाली को दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान साजिद के पैर में गोली लगी। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
एसओ गंगानगर रवि चंद्रवाल ने बताया कि रविवार रात सिखेड़ा रोड पर स्कूटी सवार दो बदमाशों के जाने की सूचना पर यह घेराबंदी की गई थी। आरोपी साजिद से तमंचा, तीन कारतूस व गंगानगर डिवाइडर रोड से चोरी स्कूटी बरामद की है। स्कूटी पर फर्जी प्लेट लगी मिली।
गिरफ्तार बदमाश पर कुछ समय पूर्व ही बीस हजार का इनाम रखा गया था। साजिद पर पिलखुवा, हाफिजपुर व मुंडाली में लूटपाट व डकैती के करीब आठ मुकदमे दर्ज हैं। सीओ सदर देहात अखिलेश भदौरिया ने भी मौके पर मुठभेड़ की जानकारी ली।