बड़ी कार्रवाई: प्रशासन ने कब्जामुक्त कराई 210 बीघा जमीन, सुबह से शाम तक गरजे बुलडोजर, 280 मकान जमींदोज
मेरठ में प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों ने 210 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। वहीं, सुबह से शाम तक बुलडोजर गरजते रहे और कई फैक्टरियों समेत 280 मकानों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
विस्तार
मेरठ जनपद के परतापुर में इटायरा स्थित कोतवाल खाते की 210 बीघा जमीन को प्रशासन ने भारी पुलिस बल लगाकर कब्जा मुक्त कर लिया। वहीं, गुरुवार को 12 घंटे चक चले बुलडोजर ने 280 मकान व कई फैक्ट्रियों को जमींदोज कर दिया।
बताया गया कि अलसुबह चार बजे एसडीएम, मजिस्टेट, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसपी सिटी, सीओ पूरे मेरठ थानों की फोर्स सहित एक दर्जन बुलडोजर, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस लेकर पहुंचे।
बताया गया कि प्रशासन को इटायरा स्थित कोतवाल खाते की 210 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराना था। इसलिए पहले पूरे एरिया को छावनी में तब्दील कर दिया गया। जैसे ही वहां लोगों ने सवेरे भारी पुलिस बल को देखा तो खलबली मच गई। लोग घरों से बाहर आ गए। इस दौरान प्रशासन ने अपनी कार्रवाई शुरू कराई लेकिन, भारी पुलिस बल के सामने किसी ने विरोध नहीं किया।
वहीं, सवेरे से चलना शुरू हुए बुलडोजर शाम तक करीब 280 मकान व कई फैक्टिरियों को जमींदोज कर रुके। इनके अलावा खड़ी फसल को भी नष्ट कर दिया गया। इस दौरान मेरठ के सभी थानों की पुलिस के अलावा आरआरएफ व पीएसी के जवान भी मौजूद रहे।
बता दें कि इटायरा में कोतवाल खाते की 1800 सौ बीघा जमीन है, जिसमें से 210 बीघा जमीन पर लोगों ने कब्जा कर मकान व कॉलोनी बना ली थी। इस जमीन को प्रशासन ने गुरुवार को कब्जा मुक्त करा लिया। पक्के मकानों को प्रशासन ने कोई क्षति नहीं पहुंचाई। इस दौरान कुछ मालिकों ने स्वंय ही मकान खाली कर दिए थे। इस दौरान इटायरा स्थित मंगी कॉलोनी में पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें: Wrestler Protests: पहलवानों के सम्मान की लड़ाई UP तक आई, सांसद बृजभूषण शरण के खिलाफ उबाल, कल फिर पंचायत
उचित मुआवजा दिया जाए : पवन गुर्जर
प्रशासन की ओर से चलाए गए ध्वस्तीकरण अभियान के मद्देनजर पुलिस ने कई स्थानीय नेताओं को अपनी पकड़ में ले लिया था। इस दौरान आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन गुर्जर ने कहा कि किसानों की फसल प्रशासन ने नष्ट करा दी, इसका किसानों को मुआवजा देना चाहिए। अगर नहीं दिया गया तो कोर्ट में जाएंगे।
यह भी पढ़ें: BKU: 'पहलवानों की जाति तिरंगा, इन्हें बांटा ना जाए', पंचायत में फैसला सुरक्षित, पर टिकैत ने बताया आगे का प्लान
इटायरा मंदिर में चला भंडारा
ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान लगभग 1000 पुलिस कर्मियों के लिए इटायरा स्थित मंदिर में भट्टियां चढ़ाई गई। पूरे दिन गुरुवार को भंडारे जैसा माहौल रहा। भंडारे में सभी ने आलू मटर की सब्जी व पूरी कचौरी का आनंद लिया।