भाजपा नेत्री का अश्लील वीडियो: कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा आरोपी, अदालत ने किया इंकार, खूब वायरल हुआ था मामला
भाजपा नेत्री का अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला : बताया गया कि आरोपी ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर किया। लेकिन अदालत ने इनकार कर दिया।
विस्तार
मेरठ में भाजपा नेत्री का अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में एक आरोपी मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर करने पहुंच गया। हालांकि कोर्ट ने उसे सरेंडर नहीं होने दिया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि दोपहर के समय सूचना मिली थी कि एक आरोपी कोर्ट में पहुंचा है, जो सरेंडर करने की तैयारी में है। जब पुलिस पहुंची तो आरोपी वहां से जा चुका था। पता चला है कि कोर्ट ने आईटी एक्ट की धारा होने के कारण उसे सरेंडर नहीं होने दिया।
इस मामले में एक आरोपी रविंद्र पार्षद है और दूसरा आरोपी भाजपा कार्यकर्ता रविंद्र नागर है। यह जानकारी जुटाई जा रही है कि दोनों आरोपियों में से कौन सा आरोपी सरेंडर करने पहुंचा था। वहीं, भाजपा नेत्री भी कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराने के लिए पहुंची थी, लेकिन इस प्रकरण में दुष्कर्म का मामला नहीं है। ऐसे में कोर्ट ने भी 164 के बयान दर्ज नहीं किए।
यह भी पढ़ें: लापरवाही की हद पार: फव्वारों पर किए लाखों खर्च, पर देखरेख न करने पर फंसा नगर निगम, सामने आई सच्चाई
भाजपा नेत्री ने लगाया मारपीट का आरोप
उधर, भाजपा नेत्री ने आरोपी पार्षद समेत कुछ युवकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक वह कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए पहुंची थी, जहां पर आरोपी पार्षद ने अन्य युवकों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़िता की ओर से कचहरी चौकी में शिकायत दी गई है। सिविल लाइन इंस्पेक्टर समर बहादुर सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: कारगिल युद्ध 1999: दुश्मनों के लिए काल बन गए थे ये जांबाज, शहीदों के शौर्य की ऐसी कहानी, आप भी करेंगे सलाम
यह था मामला
भाजपा नेत्री की ओर से भावनपुर थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसमें बताया कि सोमदत्त विहार निवासी भाजपा कार्यकर्ता रविंद्र नागर ने एडिटिंग कर उसका फर्जी अश्लील वीडियो तैयार किया। इसके बाद पार्षद रविंद्र ने फर्जी आईडी बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दोनों आरोपियों की वजह से समाज में उसकी बदनामी हो रही है। यहां तक कि घर से निकलना दूभर हो गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।