{"_id":"59ce29354f1c1b65548b4ee4","slug":"nawazuddin-siddiqui-mother-is-among-the-world-influential-women","type":"story","status":"publish","title_hn":"नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मां दुनिया की प्रभावशाली महिलाओं में शुमार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मां दुनिया की प्रभावशाली महिलाओं में शुमार
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
Updated Fri, 29 Sep 2017 04:42 PM IST
विज्ञापन
मां के साथ नवाजुद्दीन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मां मेहरुनिशा (65) दुनिया की 100 प्रभावशाली महिलाओं में शुमार हो गई हैं। यह जानकारी खुद नवाज ने अपने ट्विटर पर साझा की है। बीबीसी ने वर्ष 2017 में एक सर्वे कराया, जिसमें दुनिया की सबसे अलग सोच, कार्य और प्रेरणादायक कार्य करने वाली 100 महिलाओं को खोजा गया। इस सूची में बुढ़ाना निवासी नवाज की मां मेहरुनिशा को भी 33वां स्थान दिया गया।
विज्ञापन
नवाजुद्दीन की मां...
इस लिस्ट में केवल पांच महिलाएं भारतीय हैं, जिनमें से एक मेहरुनिशा सिद्दीकी भी हैं। उनकी नई सोच, संघर्ष और बच्चों के लिए कुछ अलग करने के कारण ही उन्हें सूची में स्थान दिया गया। उन्होंने तमाम संघर्षों से जूझते हुए नौ बच्चों की परवरिश के साथ नवाज को शिक्षा-दीक्षा दिलाई। उनके पति नवाबुद्दीन पेशे से किसान थे, जिनकी मेहनत और फसलों की आमदनी से उन्होंने बच्चों को कामयाबी की सीढ़ी पर पहुंचाया। मेहरुनिशा बुढ़ाना में अपने घर पर हैं। मां की कामयाबी पर परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी इस बुलंदी से बुढ़ाना का भी नाम रोशन हुआ है। पहले नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कस्बे का नाम चमकाया, अब उनकी माता ने भी दुनिया को बता दिया कि लगन और मेहनत से कामयाबी की ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। अभिनेता के भाई फैजुद्दीन ने बताया कि रब का शुक्रिया है कि उनके परिवार पर मेहर बरसी है। मेहरुनिशा ने कहा कि मेहनत के बीज खुद ही बोने पड़ते हैं, जिसकी पकी फसल इंसान खुद काटता है। हर मां-बाप को अपने बच्चों को आज के दौर में शिक्षावान बनाना चाहिए।
विज्ञापन
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/