{"_id":"5893746e4f1c1b2f3de83cd3","slug":"naveen-cycle-par-savaar","type":"story","status":"publish","title_hn":"अखिलेश यादव से मुलाकात कर नवीन गुप्ता साइकिल पर सवार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अखिलेश यादव से मुलाकात कर नवीन गुप्ता साइकिल पर सवार
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
Updated Fri, 03 Feb 2017 10:04 AM IST
विज्ञापन
फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर की व्यापारी राजनीति की धुरी माने जाने वाले नवीन गुप्ता आखिरकार साइकिल पर सवार हो ही गए। उन्होंने हेलीपैड पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। सपा में आस्था जताते हुए नवीन ने चुनाव में पूरे मनोयोग से काम करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और भाजपाइयों के बीच दो साल से छत्तीस का आंकड़ा था। पूर्व महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज ने उन्हें स्मार्ट सिटी आंदोलन के मामले में भाजपा से निष्कासित होने का दावा किया तो नवीन गुप्ता ऐसे किसी भी निष्कासन पत्र के मिलने से इनकार करते रहे। दो दिन पूर्व जब वो कैंट विधानसभा में सपा गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी रमेश धींगड़ा के चुनाव कार्यालय उद्घाटन और शहर सीट पर सपा प्रत्याशी रफीक अंसारी की जनसभा में खुलकर सामने आये तब भी उन्होंने खुद को मन से संघ से जुड़ा बताया था। लेकिन तभी लग गया था कि वह अब पाला बदलने का पूरा मन बना चुके हैं।
विज्ञापन
यह कयास बृहस्पतिवार को उस समय पूरा हो गया जब अखिलेश यादव बड़ौत रैली को संबोधित कर वापस डॉ. भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी पहुंचे। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह अपने साथ नवीन गुप्ता सहित दूसरे व्यापारियों को ज्वाइन कराने हवाई पट्टी पहुंचे। जयवीर सिंह, शहर प्रत्याशी रफीक अंसारी और सपा नेता अय्यूब अंसारी के साथ नवीन गुप्ता और युवा संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष लल्लू मक्कड़ ने हवाई पट्टी के गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। नवीन गुप्ता ने कैंट और शहर सीट के साथ ही दक्षिण सीट पर भी सपा गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी निष्ठा से काम करने का वादा मुख्यमंत्री को दिया।
विज्ञापन
व्यापार राजनीति के समीकरण बदले
संयुक्त व्यापार संघ चुनाव में नवीन गुप्ता पैनल से भाजपाई संगठन मंत्री आशु रस्तोगी के साथ ही मंत्री विजय आनंद अग्रवाल, तरुण गोयल, उमेश शारदा, अमन गुप्ता और तिलक नारंग चुनाव जीतकर आए थे, जबकि दूसरे मंत्री मनीष शर्मा और गौरव शर्मा गैर भाजपाई हैं। इसके अलावा संयुक्त व्यापार संघ में तीनों उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष और दो मंत्री दूसरे पैनल से हैं और सभी भाजपाई हैं। अब नवीन गुप्ता के सपा में जाने के बाद संयुक्त व्यापार संघ के समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। क्योंकि नवीन गुप्ता के साथ चुनाव में संयुक्त व्यापार संघ से सिर्फ मंत्री मनीष शर्मा को सपा के पाले में खड़ा होना बताया जा रहा है।
समस्याओं को लेकर मिला
मैं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से व्यापारियों की समस्याओें को लेकर मिला था। जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार आई तो पूरी सुनवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने सपा में आने का निमंत्रण दिया, जिसे मैंने स्वीकार कर लिया। -नवीन गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ
नहीं पड़ेगा फर्क
मैं पहले भी कह चुका हूं कि नवीन गुप्ता व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वैसे यह अच्छा हुआ कि उन्होंने सपा में जाकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी, नहीं तो नुकसान ही करते। उनके जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। -अरुण वशिष्ठ, महामंत्री संयुक्त व्यापार संघ
भाजपा प्रत्याशियों को जिताएंगे
हम लोग भले ही नवीन गुप्ता पैनल से जीत कर आए हों, लेकिन राजनीतिक रूप से हम विशुद्ध रूप से भाजपाई हैं। चुनाव में तीनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए पूरे तन मन धन से काम कर रहे हैं। -विजय आनंद अग्रवाल, मंत्री संयुक्त व्यापार संघ