Meerut: संभल से लखनऊ, फिर किठौर तक..., नारकोटिक्स टीम की दबिश, एक दबोचा, घर खंगालकर लौटी खाली हाथ!
मेरठ के किठौर में लखनऊ नारकोटिक्स टीम ने संभल निवासी तस्कर के साथ दबिश देकर मौमीन नामक व्यक्ति को पकड़ा। घंटों पूछताछ के बाद घर की तलाशी ली गई, पर कुछ नहीं मिला।
विस्तार
लखनऊ नारकोटिक्स विभाग की टीम ने बुधवार सुबह किठौर में अचानक दबिश दी और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई संभल के ड्रग तस्कर की निशानदेही पर की गई।
सुबह करीब 9:45 बजे लखनऊ से आई इंस्पेक्टर कौशलेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम, संभल निवासी पकड़े गए तस्कर नाजिम पुत्र राशिद को साथ लेकर किठौर थाने पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उन्होंने मोहल्ला जलालुद्दीनपुरा में मिस्त्री मौमीन पुत्र अखलाक के घर दबिश दी और मौमीन को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें: Murder: मेरठ में ढाई लाख रुपये वापस मांगने पर सेवानिवृत्त बाबू की हत्या, आरोपी फरार
थाने में मौमीन से लंबी पूछताछ के बाद टीम दोपहर में फिर उसके घर पहुंची और परिवार वालों को बाहर निकालकर सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इसके बाद नारकोटिक्स टीम दोनों आरोपियों-नाजिम और मौमीन-को लेकर लखनऊ रवाना हो गई। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मौमीन का नाजिम के साथ क्या संबंध था और क्या वह नशे की अवैध तस्करी में संलिप्त है।
स्थानीय लोगों में दबिश को लेकर दिनभर चर्चा बनी रही, वहीं पुलिस ने मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।