गढ़ी नौआबाद केे सैन्यकर्मी की पुंछ सेक्टर में सदिग्ध मौत, परिवार में मचा कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
गांव गढ़ी नौआबाद निवासी सेना के जवान की जम्मू-कश्मीर के राजौरी-पुंछ सेक्टर के मेंढर सब डिवीजन में शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर मनकोट क्षेत्र में तैनात सेना के एक जवान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव शौचालय में मिला है। सेना की ओर से जवान की मौत की सूचना उसके चचेरे भाई जिला पंचायत सदस्य अजय बालियान को दी गई, लेकिन गोली किन हालात में लगी, इसकी जानकारी नहीं दी गई। एसएचओ मेंढर मंजूर कोहली का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मेंढर सब डिवीजन के नियंत्रण रेखा पर स्थित मनकोट सेक्टर में सेना की 39 आरआर में तैनात सेना की 16 ग्रेनेडियर के जवान मोहित कुमार शुक्रवार शाम करीब 3.00 बजे शौचालय के लिए गया, लेकिन काफी देर तक वह वापस नहीं आया। उसके न आने पर दूसरे जवानों ने उसकी तलाश की तो वह शौचालय में अचेत पड़ा था। साथी जवान उसे उठाकर अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सैन्य अधिकारियों ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने धारा- 174 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल की डॉक्टर रिजवाना का कहना है कि सेना और पुलिस की तरफ से मोहित कुमार का शव हमारे पास लाया गया था। उसका पोस्टमार्टम कर शव सेना और पुलिस के हवाले कर दिया गया
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी नौआबाद निवासी मोहित बालियान (27) पुत्र ताराचंद वर्ष 2015 में जिला मुख्यालय पर हुई खुली भर्ती में सेना में भर्ती हुआ था। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद मोहित की पहली तैनाती राजस्थान के अलवर में हुई थी। करीब डेढ़ साल से उसकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर के राजौरी-पुंछ सेक्टर में चल रही थी। जनवरी 2020 में वह एक माह की छुट्टी पर घर आया था। मोहित के चचेरे भाई जिला पंचायत सदस्य अजय बालियान ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनके मोबाइल पर सेना के हेडक्वार्टर से कॉल कर मोहित की सिर में गोली लगने की जानकारी दी गई। सुबह नौ बजे फिर सेना मुख्यालय से संपर्क किया गया, जिसमें उनके द्वारा फिलहाल मौत किन हालात में हुई, इसकी जानकारी देने से इंकार कर दिया गया। मोहित की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता ताराचंद के साथ ही मां सुनीता, भाई नितिन रोने बिलखने लगे। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव इटावा निवासी विवाहित बहन रीना भी भाई की मौत की सूचना पर घर पहुंच गई।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: छेड़छाड़ के बाद हुई ये वारदात, लहूलुहान हालत में मिली लाश, गांव में फैली दहशत
पूर्व विधायक सहित अफसरों ने बंधाया ढांढस
गांव गढ़ी नौआबाद निवासी सेना के जवान मोहित बालियान की मौत की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजपाल बालियान समेत अन्य ग्रामीणों ने उसके घर पहुंचकर पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। वहीं, एसडीएम बुढ़ाना कुमार भूपेंद्र, सीओ फुगाना राममोहन शर्मा ने भी मोहित के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
- गढ़ी नौआबाद निवासी सेना के जवान मोहित की मौत गोली लगने से होने की जानकारी मिली है। किन हालात में गोली लगी इसकी कोई जानकारी सेना की अफसरों ने नहीं दी है।
- सेल्वा कुमारी जिलाधिकारी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/