मुजफ्फरनगर: जिला अस्पताल से प्रेमिका को उठा ले जाने का प्रयास, पुलिस ने एक आरोपी दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मामला यूपी के मुजफ्फरनगर का है जहां करीब एक माह पूर्व प्रेमी संग फरार हुई युवती को हाईकोर्ट के आदेश पर उम्र संबंधी मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाने के दौरान प्रेमी के रिश्तेदारों ने उठा ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल घटना को नाकाम किया, बल्कि एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया, जबकि अन्य आरोपी भाग निकलने में सफल रहे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अंबा विहार निवासी गुलफ्शां विगत 16 नवंबर को जामिया गेट निवासी प्रेमी शावेज उर्फ बबलू पुत्र नफीस के साथ फरार हो गई थी। पिता सलीम ने आरोपी शावेज के साथ ही उसके भाई रविश के खिलाफ भी विगत 22 नवंबर को बेटी के अपहरण के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले में प्रेमी के भाई रविश को जेल भेज चुकी है।
तीन दिन पूर्व गुलफ्शां अकेले थाने पहुंची और खुद को बालिग बताते हुए प्रेमी शावेज उर्फ बबलू के साथ निकाह कर लेने और हाईकोर्ट के सुरक्षा व मेडिकल कराए जाने संबंधी आदेश दिखाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस गुलफ्शां को लेकर उसका उम्र संबंधी मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल ले गई थी। आरोप है कि जिला अस्पताल में पहले से ही प्रेमी पक्ष के कई रिश्तेदार अन्य लोगों के साथ मौजूद थे, जिन्होंने गुलफ्शां के मेडिकल के लिए पहुंचने पर पुलिसकर्मियों से छीना-झपटी करते हुए उसे जबरन छुड़ा ले जाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अनिल कपरवान व एसएसआई समयपाल अत्री टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को कब्जे में लेते हुए एक आरोपी को मौके से ही धर दबोचा, जबकि अन्य फरार हो गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी प्रेमी का बहनोई ककरौली के गांव चौरावाला निवासी अब्दुल कलाम पुत्र जहूर हसन था, जिसे शांतिभंग की आशंका में चालान कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों को भी चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला पुलिस पर हमला कर युवती को कर लिया गया था अगवा
मुजफ्फरनगर। करीब तीन माह पूर्व भी जिला अस्पताल में हाईकोर्ट के आदेश पर मेडिकल के लिए लाई गई मीरापुर की युवती को उसके परिजनों ने फिल्मी स्टाइल में महिला थाने की पुलिसकर्मियों पर हमला कर अगवा कर लिया था।
दिनदहाड़े पुलिस पर हमला कर युवती को अगवा करने की घटना से हड़कंप मच गया था, जिसके बाद एसपी सिटी ओमवीर सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगवा की गई युवती को गांव शेरपुर से बरामद कर लिया था।