मुजफ्फरनगर: जन्मदिन की पार्टी में गया था युवक, सुबह जंगल में पड़ा मिला शव; हत्या की आशंका
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में ग्राम प्रशासक के 20 वर्षीय पुत्र का शव गांव के जंगल में मिला। युवक बुधवार शाम दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद में पुरकाजी क्षेत्र के गांव हरेटी निवासी ग्राम प्रशासक विवेक राठी के 20 वर्षीय पुत्र रोहन का शव गुरुवार सुबह गांव के जंगल में पड़ा मिला। रोहन श्रीराम कॉलेज मुजफ्फरनगर से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था।
वह बुधवार शाम दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गांव नन्हेड़ा गया था। रात में घर नहीं लौटने पर परिजनों ने दोस्तों से संपर्क किया था। सुबह जंगल में शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: यूपी: संतान न हुई तो रची कहानी, नवजात चोरी कर घर सजाया, पड़ोसियों से कहा- बेटा हुआ है; आरोपी महिला गिरफ्तार
परिजनों के अनुसार बुधवार शाम रोहन गांव नन्हेड़ा में दोस्तों की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। रात में जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके पिता विवेक राठी ने फोन पर दोस्तों से बात की। दोस्तों ने बताया कि रोहन सुबह घर आ जाएगा। सुबह तक रोहन के घर नहीं पहुंचने पर पिता ने दोबारा दोस्तों से संपर्क किया। इस बार उन्हें बताया गया कि रोहन रात करीब 11 बजे ही वहां से चला गया था।
जंगल में पड़ा मिला शव
इसी बीच गांव के कुछ ग्रामीणों ने जंगल में युवक का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। रोहन का शव देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जांच में जुटी
मामले में परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस घटनास्थल और युवक के दोस्तों से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है।