मर्डर: प्रेमी ने निकाह के बदले दी 'दर्दनाक मौत', पुलिस पूछताछ में उगला ज़हर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निकाह के लिए दबाव बनाने पर हत्यारोपी प्रेमी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर उसके शव को लोई के जंगल में फेंक दिया। बुढ़ाना पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर विवाहिता का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए हत्यारोपी ने कबूल किया कि महिला के उससे करीब पांच साल से विवाहेत्तर संबंध थे। पुलिस ने मृतका के पति की ओर से आरोपी प्रेमी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद की है।
पांच वर्ष पहले सितंबर 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे के कारण गांव फुगाना निवासी आमिल अपनी पत्नी सितारा (29) और चार बच्चों को साथ लेकर अपना गांव छोड़कर लोई गांव में शिविर में चला गया था। आमिल कर्नाटक में कपड़ा विक्रेता है। लोई गांव के शिविर में रहते हुए सितारा का गांव लोई निवासी मुनव्वर के साथ प्रेम प्रसंग हो गया। यह प्रेम प्रसंग विवाहेत्तर संबंध में बदल गया। लोई शिविर में रहने वाले सभी दंगा पीड़ित विभिन्न कालोनियों में जाकर बस गए। सितारा भी अपने पति और बच्चों के साथ फतेहपुरखेड़ी गांव की दंगा पीड़ित कालोनी फला-ए- आम कालोनी में रहने लगी थी। इसके बाद भी सितारा के अपने प्रेमी के साथ संबंध जारी रहे। 16 सितंबर को महिला दवा लेने के लिए घर से निकली थी, मगर लौट कर नहीं आई। महिला के पति आमिल व परिजनों ने काफी तलाश किया, उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। 29 सितंबर को सितारा के पति आमिल ने थाना फुगाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही पति ने फुगाना पुलिस को गांव लोई निवासी मुनव्वर के बारे में भी बताते हुए शक जाहिर किया। फुगाना पुलिस ने सोमवार को मुनव्वर को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ होने पर मुनव्वर ने सितारा की हत्या करना कबूल कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस हत्यारोपी प्रेमी को साथ लेकर लोई के जंगल में पहुंची, जहां से उसकी निशानदेही पर सितारा का शव बरामद किया।
इंस्पेक्टर फुगाना देशराज सिंह ने बताया कि मुनव्वर ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। मृतका के पति द्वारा दी गई गुमशुदगी की तहरीर हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर ली गई है। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कॉल डिटेल ने खोला हत्या का राज
कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने सितारा हत्याकांड का खुलासा किया। सितारा 16 सितंबर को घर से दवाई लेने की बात कह कर घर से निकली थी, मगर लौट कर नहीं आई। वह सीधे लोई गांव में अपने प्रेमी मुनव्वर के पास पहुंची और उस पर निकाह करने का दबाव बनाया। मुनव्वर उसे बहाने से जंगल में ले गया और वहीं पर उसकी गला दबा कर हत्या कर शव को ईंख के खेत में छिपा कर घर आ गया। उधर, सितारा के घर न आने पर परिजन उसकी तलाश में लगे, मगर कोई सुराग नहीं मिला। फुगाना थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराए जाने पर पुलिस हरकत में आई। महिला के पति आमिल ने सितारा और मुनव्वर के संबंध के बारे में भी पुलिस को बताया। पुलिस ने मुनव्वर के मोबाइल की कॉल डिटेल निकवाई। इसके बाद सोमवार को उसे कॉल डिटेल के आधार पर हिरासत में लिया। पहले वह मुकर गया, मगर जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने सितारा की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस को उसकी लाश भी बरामद करा दी।
निकाह का दबाव बना रही थी, इसलिए मार दिया
हत्यारोपी मुनव्वर ने पुलिस को बताया कि सितारा के साथ उसके विवाहेत्तर संबंध थे। महिला अब उस पर निकाह करने का दबाव बना रही थी। मुनव्वर ने पुलिस को बताया कि महिला सितारा के चार बच्चे हैं और उसके अपने भी तीन बच्चे है। वह सितारा के साथ निकाह करने के सख्त खिलाफ था। सितारा द्वारा जबरन दबाव बनाने के कारण उसने उसे अपने गांव बुलाया और उसी दिन गन्ने के खेत में ले जाकर उसकी गला दबा कर हत्या कर दी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/