दलित छात्र की हत्या: भीम आर्मी के प्रवक्ता को पुलिस ने रोका, एसएसपी ऑफिस का घेराव, जमकर नारेबाजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के उल्देपुर में कांवड़ यात्रा में डीजे को लेकर हुए विवाद में दलित युवक की हत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने गांव के बाहर भीम आर्मी की टीम को रोक दिया। इसके बाद भीम आर्मी के प्रवक्ता ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को फोन करते हुए उत्पीड़न का आरोप लगाया। बाद में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी ऑफिस का घेराव कर नारेबाजी की।
गंगानगर क्षेत्र के उल्देपुर गांव में गुरुवार सुबह दलित युवक रोहित की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दलित समाज के लोगों ने राजपूत समाज के लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए बखेड़ा किया। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात है। शुक्रवार को भीम आर्मी के प्रवक्ता मनजीत सिंह नौटियाल निवासी सहारनपुर कार्यकर्ताओं के साथ उल्देपुर गांव के लिए निकले।
आरोप है कि पुलिस ने उन्हें गांव जाने से रोक दिया। इसके बाद समर्थकों के साथ मनजीत सिंह एसएसपी ऑफिस पहुंचे और नारेबाजी की। सूचना पर एसपी देहात राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को शांत कराया। भीम आर्मी के प्रवक्ता ने एसपी देहात से कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर दलितों का उत्पीड़न किया जा रहा है। पहले सहारनपुर के सब्बीरपुर में दलितों का उत्पीड़न किया गया, उसके बाद अलीगढ़ में दलितों के साथ अन्याय हुआ। दो अप्रैल को मेरठ में हुई हिंसा में पुलिस ने निर्दोष दलितों को जेल भेजा। सरधना क्षेत्र में दलित युवक ने दूसरी बिरादरी की बच्ची से छेड़छाड़ की तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा, लेकिन दलितों के घरों में तोड़फोड़ की गई और उन्हें अलग स्थानों पर पीटा गया।
बता दें कि गुरुवार को उल्देपुर में रोहित की हत्या कर दी गई। यदि वह एक पीड़ित परिवार के घर तक नहीं जा सकते और डीएम और एसएसपी के निर्देश पर उन्हें गांव जाने से रोका गया तो यह पुलिस का उत्पीड़न है। भीम आर्मी अपने हितों की लड़ाई लड़ रही है, लेकिन उन्हें प्रदेश में गलत नजर से देखा जा रहा है। वह मिल जुलकर रहना चाहते हैं। पुलिस भी निष्पक्ष कार्रवाई करे। हत्यारोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाए और पीड़ित परिवार को 20 लाख की आर्थिक सहायता मिले।
एसपी देहात राजेश कुमार ने कहा कि रोहित की हत्या में तीन आरोपी पकड़े गये। पुलिस आरोपियों को जेल भेज रही है। पुलिस ने तत्काल सख्त कार्रवाई की है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में फोर्स तैनात कर शांति व्यवस्था में सहयोग मांगा जा रहा है। इस दौरान नेपाल सिंह सागर, रवि प्रकाश, भगवत प्रसाद, राजपाल सिंह, मोहित जगन्नाथ, सुनील लोहरी, सुरविन, रजनीश नोटियाल रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/