सहारनपुर: ढाई साल के मासूम को बिलखता छोड़, फांसी के फंदे पर झूल गई आरपीएफ सिपाही की पत्नी
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार को थाना सदर क्षेत्र की रेलवे सौ क्वार्टर कॉलोनी में एक महिला ने अपने ढाई साल के मासूम के सामने ही फंदे पर झूलकर जान दे दी। यह महिला स्थानीय रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल की पत्नी हैं। आत्महत्या का कारण पति और पत्नी में चल रहा आपसी मनमुटाव माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
रेलवे सौ क्वार्टर में आरपीएफ के कांस्टेबल प्रमोद कुमार का आवास है। बुधवार की रात में करीब साढ़े दस बजे के बाद वह आवास में पहुंचे तो उन्हें घर में पत्नी नहीं दिखाई दी। वह जब कमरे में पहुंचे तो पत्नी उमा (26) का शव कपड़े से बनाए गए फंदे से लटका मिला। पत्नी का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि ढाई साल का मासूम मां के शव के नीचे बैठा बिलख रहा था।
कुछ देर बाद आरपीएफ के अन्य साथियों तक घटना की सूचना पहुंची। बाद में थाना सदर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को उतरवाया और उसे जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेजा। थाना सदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना सदर प्रभारी पंकज कुमार पंत ने बताया कि आत्महत्या का कारण परिवार में ही आपसी मनमुटाव लग रहा है। उमा का मायका पानीपत के जलालपुर में है। अभी तक मायके पक्ष की ओर से इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
उधर, एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि घटना के पीछे स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस टीम जांच कर रही है। यदि किसी पक्ष से कोई तहरीर आती है तो उसके अनुरूप कार्रवाई होगी।