Mission 2024: भाजपा का सोशल इंजीनियरिंग कार्ड, सतेंद्र सिसोदिया पर दांव, पश्चिम से घटी पदाधिकारियों की संख्या
2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के प्रदेश संगठन में जातीय समीकरणों का खासा ध्यान रखते हुए सोशल इंजीनियरिंग का कार्ड खेलते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद पर सतेंद्र सिसोदिया के नाम की घोषणा कर दी गई। जिला-महानगर, मोर्चों की कार्यकारिणी जल्द घोषित होगीं।
विस्तार
भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद पर शनिवार को सतेंद्र सिसोदिया के नाम की घोषणा कर दी गई। भाजपा ने जहां सोशल इंजीनियरिंग कार्ड खेला है। वहीं सतेंद्र सिसोदिया प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की पुरानी टीम में भी क्षेत्रीय महामंत्री और उपाध्यक्ष पद पर कार्य कर चुके हैं।
2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के प्रदेश संगठन में जातीय समीकरणों का खासा ध्यान रखा गया है। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल बनाए गए हैं। ऐसे में पार्टी ने पूरे पाल समाज को साधने का काम किया है। काशी क्षेत्र में दिलीप पटेल अध्यक्ष बनाए गए हैं। इस क्षेत्र में पटेल समाज की खासी भूमिका है। अवध क्षेत्र में कमलेश मिश्रा को अध्यक्ष बनाकर ब्राह्मण समाज को साधने का काम किया गया है।
ब्रज क्षेत्र में दुरविजय सिंह शाक्य अध्यक्ष बनाए गए हैं। पश्चिम क्षेत्र में ठाकुर समाज को साधते हुए गौतमबुद्धनगर निवासी सतेंद्र सिसोदिया को नया क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: मोहिउद्दीनपुर में बनेगा आरओबी, 138 परियोजनाओं का आज होगा शिलान्यास
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी जाट समाज से आते हैं। मोहित बेनीवाल भी जाट समाज से हैं, ऐसे में क्षेत्रीय अध्यक्ष के पद पर बदलाव पहले से ही सतेंद्र सिसोदिया 2010 में जिलाध्यक्ष रहने के बाद लंबे समय तक क्षेत्रीय संगठन में रहे हैं। भूपेंद्र चौधरी के क्षेत्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल में वे क्षेत्रीय मंत्री, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और क्षेत्रीय महामंत्री रह चुके हैं। फिलहाल वे मुजफ्फरनगर जिले के प्रभारी भी हैं।
दो साल तक जिले के प्रभारी रहे सिसोदिया
मुजफ्फरनगर में भाजपा के पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष बनाए गए सतेंद्र सिसोदिया पिछले दो साल से जिले के प्रभारी थे। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के बाद उन्हें जिले का प्रभारी बनाया गया था। विधानसभा चुनाव में भी वह लगातार सक्रिय रहे। क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।
यह भी पढ़ें:Meerut: फेल होने के डर से नाबालिग छात्रा ने इंस्टाग्राम पर डाली आत्महत्या करने के लिए पोस्ट, पुलिस ने समझाया
मेरठ से घटी पदाधिकारियों की संख्या
क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। सूत्रों की मानें तो पार्टी उनको जल्द ही दूसरी जिम्मेदारी भी दे सकती है। पिछली कार्यकारिणी की बात करें तो मेरठ से प्रदेश संगठन में अश्वनी त्यागी महामंत्री, देवेंद्र चौधरी और राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम उपाध्यक्ष थे। नई टीम में कांता कर्दम को फिर से उपाध्यक्ष पद पर रखा गया है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बागपत में पिछली कार्यकारिणी में भी कोई पदाधिकारी नहीं था, इस बार भी नई टीम में किसी को जगह नहीं मिली है।
गौतमबुद्धनगर से विधायक पंकज सिंह और सुरेंद्र नागर को पुरानी जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। गाजियाबाद में सुनीता दयाल को पहले की तरह इस बार भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा बसंत त्यागी नई कार्यकारिणी में प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी मिली है। बुलंदशहर जनपद में पुरानी कार्यकारिणी में प्रदेश मंत्री रहे चंद्रमोहन और अमित बाल्मीकि को दोबारा यही जिम्मेदारी दी गई है। मुरादाबाद में पहली कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी को टीम में इसी पद पर बरकरार रखा गया है। पश्चिम से कुल नौ पदाधिकारियों को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह मिली है।
सभी समाज को साधने का किया काम
पश्चिम में भाजपा ने प्रदेश कार्यकारिणी में सभी समाज को साधने का काम किया है। इनमें गुर्जर, त्यागी, ठाकुर, अनुसूचित जाति समाज सभी को साधने का किया गया है।
जिलाध्यक्ष-महानगरों की जल्द होगी घोषणा
प्रदेश कार्यकारिणी के बाद जल्द ही जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों और मोर्चे के क्षेत्रीय अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की घोषणा होगी।