अपराधी बेखौफ: मेरठ में दिनदहाड़े डॉक्टर के क्लीनिक में घुसे बदमाश, स्टाफ को तमंचे दिखाकर लूट, फायरिंग कर फरार
मेरठ में अपराधियों को पुलिस का खौफ है न कानून का। यहां बुधवार को गढ़ रोड पर बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट को अंजाम दिया। डॉक्टर के क्लीनिक पर बाइक सवार बदमाश पहुंचे और स्टाफ पर तमंचे तान दिए। इसके बाद बदमाशों ने लूटपाट की और फिर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
विस्तार
डॉ. विकुल कुमार त्यागी न्यूरो सर्जन हैं। उनका गढ़ रोड पर टिंबकटू रेस्टोरेंट के सामने क्लीनिक है। बुधवार को मरीज कम होने की वजह से वे क्लीनिक से जल्दी निकल गए। उनके जाने के पांच मिनट बाद साढ़े चार बजे दो युवक क्लीनिक पहुंचे। एक युवक ने मास्क लगाया हुआ था, दूसरे ने हेलमेट पहना हुआ था।
वहां मौजूद स्टाफ की दो युवतियों और एक युवक से पूछा कि डॉक्टर विकुल बैठे हैं क्या। कर्मचारियों ने डॉक्टर के जाने की बात कही तो दोनों युवकों ने कहा कि जो कुछ है निकालकर दे दो। कर्मचारी ने कहा कि ऐसे कैसे दे दें तो बदमाश ने तमंचा निकालकर उसमें गोली डाली। फिर एक बदमाश ने महिला कर्मचारी और दूसरे ने युवक के सर पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दे दी।
मेडिकल स्टोर में रखे 40 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों के नीचे जाने पर कर्मचारियों ने शोर मचाया तो नीचे खड़े एक सब्जी वाले दोनों बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। बदमाश फायर करके बाइक से फरार हो गए। कर्मचारियों की सूचना पर डॉक्टर ने नौचंदी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने क्लीनिक में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो बदमाश नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने फुटेज केा कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। डॉ. विकुल त्यागी मेडिकल कंपाउंड में रहते हैं, उनकी पत्नी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर हैं। जिस तरह से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे डॉक्टर दहशत में हैं।
उनका कहना है कि वे वहां होते तो कुछ भी हो सकता था। सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया ने थाने पहुुंचकर डॉक्टर से पूरी घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि पूर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशाें की तलाश की जा रही है।