मेरठ: नाबालिग गर्भवती ने एसएसपी से लगाई गुहार, ‘मेरी कोख में पल रहे बच्चे को दिलाओ इंसाफ’
यह मामला पल्लवपुरम थानाक्षेत्र की एक किशोरी से जुड़ा हुआ है। किशोरी की एक युवक से दोस्ती हो गई। युवक बहला फुसलाकर किशोरी को ले गया। शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात की। किशोरी शादी करने का बार-बार दबाव बनाती रही, लेकिन युवक नहीं माना।
इस बीच शादी तो नहीं हुई, लेकिन उक्त किशोरी गर्भवती हो गई। हालत गंभीर होने की सूचना पर उसके परिजन बेटी को अपने घर ले आए। आरोप है कि युवक और उसके परिजन लड़की व उसकी कोख में पलने वाले बच्चे को मारने की धमकी दे रहे हैं।
शनिवार को किशोरी अपनी मां के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची। सारी दास्तां पुलिस को सुनाकर इंसाफ मांगा। एसपी क्राइम रामअर्ज ने पीड़िता को इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया। पल्लवपुरम थाने में दोनों पक्ष के लोगों को बुलाकर बात करने और फिर कार्रवाई करने की बात कही।
बच्चे को किसका नाम दूं
पुलिस ने कहा कि आरोपी युवक और उसके परिजनों पर कार्रवाई कर देंगे। उनको जेल भेज देंगे। जिस पर पीड़िता बोली कि वह जेल चले जाएंगे, लेकिन मुझे समाज में कौन इज्जत देगा। मेरे पेट में पलने वाले बच्चे को किसका नाम दूं। मुझे और मेरे बच्चे को इंसाफ चाहिए। मेरी शादी उस युवक से करा दो।