मंत्री सुरेश खन्ना बोले- दो घंटे में कोरोना की जांच करने वाली मशीन खरीदें, अधिकारियों के साथ हुई गोपनीय बैठक
- दो घंटे में कोरोना की जांच करने वाली मशीन खरीदें : सुरेश खन्ना
- संसदीय वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने किया मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण
- 51 लाख के स्टेशनरी घोटाले के सवाल को टाल गए, गोपनीय बैठक की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर जनपद के सरसावा में मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए पहुंचे संसदीय वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने मेडिकल कॉलेज को दो घंटे में कोराना की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाली मशीन खरीदने का निर्देश दिया। साथ ही बताया कि मेडिकल कॉलेज की क्षमता कोराना की 200 जांच से बढ़ाकर 10 हजार जांच कर दी गई है। वहीं मेडिकल कॉलेज में हुए 51 लाख के स्टेशनरी घोटाले के सवाल पर सुरेश खन्ना ने कोई जवाब नहीं दिया। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता नहीं दिखा।
सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पहुंचे मंत्री सुरेश खन्ना ने सबसे पहले कोविड-19 सेंटर का बाहर से निरीक्षण किया। निगेटिव रिपोर्ट वाले छह लोगों को फूल देकर घर के लिए विदा किया। इसके बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज का अंदर से निरीक्षण किया। इमरजेंसी वार्ड को पुन: शुरू करने को कहा। उन्होंने खुद को सुरक्षित रखते हुए मरीजों का इलाज करने की सलाह चिकित्सकों को दी। निरीक्षण के बाद मंत्री प्रशासनिक भवन पहुंचे। यहां कमिश्नर संजय कुमार ने मीडिया को बाहर रुकने के लिए कहा। प्रशासनिक भवन में गोपनीय बैठक चली।
सूत्रों की मानें तो बैठक में तमाम चीजों के साथ ही अव्यवस्थाओं और धांधलेबाजी पर भी बात हुई। बैठक के बाद सुरेश खन्ना मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया। कोरोना से निपटने की तैयारियों जैसे जांच और इलाज को लेकर भी बात रखी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज को जरूरी सुविधाएं जल्द मुहैया कराने की बात कही। हालाकि मीडिया के सवालों खासकर घोटाले के सवाल को बार-बार टाल गए। बैठक में किन बिंदुओं पर बात हुई, वह भी नहीं बताया।
यह भी पढ़ें: मंत्री सुरेश खन्ना ने किया मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, व्यवस्था देख जताई नाराजगी, अधिकारियों को हड़काया
मुंह पर नहीं था मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग भी नहीं
मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण में मंत्री सुरेश खन्ना अनेक जगहों पर गए। कोविड-19 सेंटर से निगेटिव आए लोगों को फूल देकर छुट्टी भी की। उन्होंने लोगों को कोरोना के साथ जीना सीखने और कोरोना से बचने के लिए तमाम सावधानियां बरतने की सलाह दी। मगर पूरे निरीक्षण में उनका खुद का मास्क नाक और मुंह से नीचे रहा। उनके साथ बड़ी संख्या में प्रशासनिक और चिकित्सा अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी थे। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का भी उलंघन नजर आया। बाद में लोग इस पर चर्चा करते नजर आए।
पार्टी नेताओं से मांगे दस्तावेज
मेडिकल कॉलेज में हुए स्टेशनरी घोटाले और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया। जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी ने कहा कि उनके पास घोटाले के सबूत हैं। इस पर मंत्री ने उन्हें सभी दस्तावेज भेजने को कहा। पूर्व विधायक राजीव गुंबर ने ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के छात्रों की समस्या रखी।
दो घंटे में जांच करने वाली मशीन तत्काल खरीदें
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कोरोना के फैलाव को रोकना है। सरकार ने पूरी ताकत के साथ काम किया है। यूपी में तीन हजार भी केस संक्रमित नहीं है। लेकिन आगे कोरोना के साथ ही जीना है। मास्क, दो गज की दूरी सरकारी निर्देश है, उसका पालन करना है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में टेस्टिंग क्षमता 200 से बढ़ाकर 10,000 कर दी है। हर प्रकार के इक्यूपमेंट की व्यवस्था की जा रही है। इमरजेंसी सर्विसेज बहाल करने जा रहे हैं। कैंसर, किडनी, लीवर, हार्ट, ट्रामा, गायनी सर्विस तत्काल शुरू होगी। कोविड का गेट अलग होना चाहिए और इमरजेंसी सर्विस का अलग। इमरजेंसी सर्विस के लोग अलग बैठकर मरीजों को उपचारित करें। यह भी जोड़ा कि थर्मल स्क्रीनिंग की नहीं बल्कि कोविड की पूरी जांच की जाए। इमरजेंसी जिसकी हो उसकी इमरजेंसी मशीन से जांच की जाए। इसके लिए सरकार ने शासनादेश कर दिया है। मेडिकल कॉलेज में ऐसी मशीन खरीद ली जाए। जिसमें करीब दो घंटे के भीतर कोरोना की जांच रिपोर्ट आ जाती है। इस दौरान बार-बार राजकीय मेडिकल कॉलेज घोटाले का सवाल पूछने पर कैबिनेट मंत्री टालते रहे और अपनी बात कहकर निकल गए। 12 बजे के बाद सुरेश खन्ना लौट गए।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान आयुष राज्यमंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, सरसावा नगर अध्यक्ष सुशील कंबोज, देहात मंडल अध्यक्ष अमरीश राणा रहे। इनके अलावा कमिश्नर संजय कुमार, डीएम अखिलेश सिंह, एसएसपी दिनेश कुमार, एडीएम-प्रशासन एसबी सिंह, एडीएम-वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी आदि मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/