केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले बोले- नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भ्रम फैला रहे कांग्रेस-बसपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कांग्रेस व बसपा सहित विपक्षी दलों ने भ्रम फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश की। इस कानून से किसी भारतीय मुसलमान को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि पीओके भारत का हिस्सा है, भारत जब चाहे इसे पाकिस्तान से वापस ले सकता है।
सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष ने मुसलमानों को भड़काकर माहौल खराब करने कोशिश की, जबकि मुसलमानों की सुरक्षा के लिए ही उनकी पार्टी सरकार में शामिल है। केंद्र सरकार ने तीन तलाक पर कानून बनाया और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया। अयोध्या मामले पर आए फैसले का भी मुसलमानों ने स्वागत किया। किसी ने कोई विरोध नहीं किया, लेकिन अब मुस्लिम समाज को विपक्ष ने भ्रम फैलाकर भड़काने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से अब जम्मू-कश्मीर में विकास होगा। पाक अधिकृत कश्मीर पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत कभी भी कश्मीर को पाकिस्तान के कब्जे से छुड़ा सकता है, लेकिन वह चाहते हैं कि भारत-पाकिस्तान के बीच अच्छी दोस्ती हो। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भी ऐसा ही चाहते हैं। उम्मीद है कि पाकिस्तान खुद ही कश्मीर पर अपना दावा छोड़ देगा। दिल्ली में जामिया के छात्रों द्वारा किए जा रहे विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि छात्रों को पढ़ाई में मन लगाना चाहिए। पढ़ाई पूरी कर राजनीति में आएं।
मुसलमानों को समझा लेंगे, मायावती को नहीं समझा सकते
एक सवाल के जवाब में रामदास अठावले ने कहा कि सीएए पर हम मुसलमानों को समझा लेंगे, लेकिन बसपा सुप्रीमो मायावती को नहीं समझा सकते। वह विपक्ष के साथ मुस्लिम समाज को भ्रमित करने में लगी हैं।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय राज्यमंत्री पर उपद्रव कराने का आरोप, चंद्रशेखर बोले- नूरा के परिजनों को दिलाकर रहेंगे न्याय
चंद्रशेखर अच्छा नौजवान, हमारी पार्टी में आए
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में रामदास अठावले ने कहा कि चंद्रशेखर हमारे समाज का एक अच्छा नौजवान और लीडर है, लेकिन बार- बार संघर्ष करना ठीक नहीं है। वह भीम आर्मी छोड़कर हमारी रिपब्लिकन पार्टी में शामिल हो, इसके लिए चंद्रशेखर का स्वागत है।
लोगों को बांटे कंबल
अंबाला रोड स्थित सभागार में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित कंबल वितरण समारोह में रामदास अठावले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गरीब लोगों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम में एक हजार कंबल बांटे गए। इस दौरान हाजी इमरान सलमानी, असगर आलम सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
अठावले ने सर्किट हाउस में अधिकारियों संग विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। मंडलायुक्त संजय कुमार और जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने उज्ज्वला योजना, पंडित दीनदयाल स्वत: रोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना, जनधन खाता योजना, मुद्रा योजनाओं में लोगों को मिले लाभ से अवगत कराया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान एसएसपी दिनेश कुमार, सीडीओ प्रणय सिंह आदि मौजूद रहे।
अंबाला रोड और सर्किट हाउस मार्ग पर लगा जाम
कंबल वितरण समारोह से शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री जब सर्किट हाउस के लिए चले तो पुलिस ने यातायात का संचालन रोक दिया, जिससे कुछ देर के लिए अंबाला रोड पर जाम लग गया। ऐसी ही स्थिति सर्किट हाउस मार्ग पर रही। पुलिस ने मशक्कत कर जाम खुलवाया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/