Meerut: गंगनहर में लगाई छलांग, पुलिस ने बचाई जान, नवजात की मौत के बाद अवसाद से जूझ रही थी युवती
मेरठ के सरधना क्षेत्र में सलावा गंगनहर में कूदने वाली एक युवती को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। पुलिस के अनुसार युवती नवजात शिशु की मृत्यु के बाद मानसिक अवसाद से गुजर रही थी।
विस्तार
मेरठ में सरधना क्षेत्र के सलावा गांव में शुक्रवार को गंगनहर में कूदने वाली एक युवती को पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। पुलिस के अनुसार युवती अपने नवजात शिशु की मृत्यु के बाद मानसिक अवसाद से गुजर रही थी। घटना के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
यह भी पढ़ें:UP: धुआं उठते ही खतरा भांप गया चालक, 26 यात्रियों को तुरंत बस से उतारा, चंद मिनटों आग का गोला बनी स्लीपर कोच
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि सलावा गांव निवासी 25 वर्षीय कोमल गंगनहर की ओर गई है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान युवती गंगनहर में कूद गई। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए गंगनहर में उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद युवती को सलावा चौकी लाया गया और उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया।
दो माह पहले हुई थी नवजात की मौत
क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि कोमल की शादी हापुड़ निवासी सुरेश से हुई है। करीब दो माह पहले उसके नवजात शिशु की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक अवसाद से गुजर रही थी।
परिजनों को दी निगरानी रखने की सलाह
पुलिस ने युवती के परिजनों को उसकी देखभाल करने और उस पर विशेष निगरानी रखने की सलाह दी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।