मेरठ में नहीं थम रहा कोरोना का कहर, पीएसी के सात जवान समेत 10 नए संक्रमित मिले, 386 हुई मरीजों की संख्या
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। जिले में मंगलवार को पीएसी के सात जवानों समेत 10 नए संक्रमित मिले। मेरठ में कुल संक्रमितों की संख्या 386 हो गई है, इनमें 254 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 23 की मौत हो चुकी है। 109 एक्टिव मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि नए संक्रमितों में छठी वाहिनी पीएसी रुड़की रोड के दो एचसीपी समेत सात जवान हैं। एच कंपनी के यह सभी जवान बिजली बंबा बाईपास स्थित गांधी इंस्टीट्यूट में पहले से ही क्वारंटीन थे। पीएसी के अब तक 28 जवान संक्रमित हो चुके हैं, इसमें चार को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
इसके अलावा थापरनगर गली नंबर एक निवासी 60 वर्षीय फाइनेंस एडवाइजर, उनकी पत्नी और ब्रह्मपुरी की एक गर्भवती महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। फाइनेंस एडवाइजर की बेटी, मां और मेड को क्वारंटीन किया गया है।
गाजियाबाद की महिला की मौत
मेरठ मेडिकल कॉलेज में गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी संक्रमित महिला किरण (45) की सोमवार रात एक बजे मौत हो गई। महिला को कई दिन से बुखार और खांसी की समस्या थी। महिला उच्च रक्तचाप और कैंसर से भी पीड़ित थी। 25 मई को गंभीर हालत में उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था।
यह भी पढ़ें: मेरठ में निजी लैब ने स्वस्थ लोगों को भी बता दिया कोरोना पाॅजिटिव, हर जांच के लिए 3800 रुपये
इससे पहले मेरठ में सोमवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मिष्ठान और कपड़ा व्यापारी विपिन रस्तोगी (62) की मौत के बाद आई रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सोमवार को विपिन रस्तोगी समेत तीन लोग संक्रमित पाए गए थे।
विपिन रस्तोगी को सोमवार तड़के साढ़े चार बजे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार के लोगों के आग्रह पर कोरोना की जांच कराई गई थी।
बता दें कि विपिन के अलावा दो महिलाओं की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। दोनों लिसाड़ीगेट के बुनकरनगर की हैं। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने जलीकोठी, पूर्वा फैयाज अली के मकान नंबर 299 को हॉटस्पॉट बनाया है। जयभीमनगर को भी सील कर दिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/