Meerut: गंगानगर में IIMT यूनिवर्सिटी के पास छात्रों के दो गुट भिड़े, तकरीबन 20 राउंड फायरिंग, मची भगदड़
मेरठ के गंगानगर में आए दिन वारदातें सामने आती हैं, बुधवार को आईआईएमटी कॉलेज के नजदीक छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग के कारण मौके पर भगदड़ मच गई। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस मौके पर पहुंची है।
विस्तार
मेरठ के गंगानगर में आए दिन छात्रों के वर्चस्व को लेकर घटनाएं सामने आती रहती हैं। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे आईआईएमटी कॉलेज के गेट नंबर 4 के पास छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत हो गई। दोनों तरफ से एक दूसरे पर करीब 20 राउंड फायरिंग की गई। बस कुछ ही देर बाद दोनों गैंग फरार हो गए। सूचना पर गंगानगर, भावनपुर थाना पुलिस पहुंची। पुलिस फुटेज देखने में जुटी है।
मामला गंगानगर के ब्लॉक -आर का है। यहां आईआईएमटी यूनिवर्सिटी का गेट नंबर 4 भी है। जहां से प्रतियोगी परीक्षा के छात्रों की एंट्री ली जाती है। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। गेट के पास कुछ युवक एक दूसरे युवक को पीट रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक ब्लॉक-आर के साइड से बाइक व पैदल करीब 50 युवक हाथों में तमंचे व डंडे लिए गेट के पास पहुंच गए। वहीं गंगनागर डिवाइडर रोड साइड से भी 40-50 युवक तमंचे लिए युवक आ गए।
यह भी पढ़ें: Meerut: तुनिषा आत्महत्या मामले में आरोपी शीजान का मेरठ से खास नाता, दो बहनों ने टेलिविजन पर कमाया है नाम
दोनों पक्षों में गालियां देते हुए फायरिंग शुरू हो गई। दोनों साइड से गोली चलते देख मौके पर भगदड़ मच गई। इसी बीच सीटेट का पहला पेपर हो चुका था । जिससे काफी सारे छात्र छात्राएं बैंक गेट के बाहर खड़े हुए थे। गोली की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान घटना की जानकारी किसी ने पुलिस को दी।
पुलिस के आने से पहले ही दोनों गुट मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंचकर दोनों थानों की पुलिस ने तलाश भी की लेकिन कोई भी आरोपी हाथ नहीं लग सका। जानकारी पर सीओ सदर देहात देवेश सिंह पहुंचे। पुलिस आईआईएमटी कॉलेज गेट पास की दुकानों व होटल के बाहर लगे कैमरों के फुटेज देख रही है।
कुछ माह पहले हो चुकी है छात्र की हत्या
जानकारी हो कि गंगानगर में आए दिन छात्रों के गुटों में संघर्ष होता रहता है। पिछले 1 जनवरी को आईआईएमटी के लॉ विभाग के छात्र सचिन की कुछ छात्रों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस की लापरवाही के चलते लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती है।