शहर का सिस्टम ठप्प, शहनाइयों की गूंज ने बजाया ट्रैफिक व्यवस्था का बैंड
देवोत्थान एकादशी पर जैसे ही साया शुरू हुआ तो शहनाइयों की गूंज ने ट्रैफिक का भी बैंड बजा दिया। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस के तमाम दावे धरे रहे गये। दोपहर में जहां शहर और दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं शाम होते ही शहर और हाईवे भीषण जाम की चपेट में आ गया। बीच सड़क पर बरात थी, पुलिस दूर तक नहीं दिख रही थी। देररात तक हाईवे पर यात्री जाम में जूझते रहे।
रेंगते नजर आए वाहन
सुबह 11 बजे ही शहर में जाम लगना शुरू हो गया। मवाना रोड पर कसेरू बक्सर चौराहे से लेकर गंगानगर और डिफेंस कॉलोनी तक जाम की स्थिति रही। शहर में लालकुर्ती पैठ बाजार से लेकर जीरो माइल स्टोन लंबा जाम रहा। जीरो माइल से बेगमपुल तक भी वाहन चालक जाम में फंसे रहे। बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, इंदिरा चौक, वेस्टर्न कचहरी रोड, ईस्टर्न कचहरी रोड पर भी वाहनों के पहिए थमे रहे। दिल्ली रोड पर भैसाली बस अड्डा, जली कोठी चौराहा, केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा और मेट्रो प्लाजा पर भी भीषण जाम लगा रहा। दोपहर के समय दिल्ली रोड पर नवीन मंडी के सामने सड़क पर एक ट्रक खराब होने के कारण करीब दो किमी लंबा जाम लगा रहा। ट्रांसपोर्ट नगर गेट से लेकर दिल्ली चुंगी तक भी वाहन रेंगते नजर आए। अतुल माहेश्वरी सेतू पर भी वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
वहीं शाम को जैसे ही शहनाइयों की गूंज शुरू हुई शहर फिर से भीषण जाम की चपेट में आ गया। मवाना रोड पर गंगानगर से लेकर रजपुरा पुलिस चौकी तक जाम लगा रहा।
दिल्ली रोड पर रिठानी, परतापुर में भी जाम की स्थिति बनी रही। गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज से लंबा जाम लगा रहा। हापुड़ रोड पर एल ब्लॉक तिराहे से लेकर बिजली बंबा पुलिस चौकी वाहन जाम में फंसे रहे। कंकरखेड़ा बाईपास पर तीन किमी लंबा जाम लगा रहा। दिल्ली- मेरठ हाईवे पर मोहिउद्ीनपुर में दो किमी लंबा जाम लगा। बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक के पास भी वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
मोदीपुरम में देर रात तक जाम
सोमवार को सीजन की पहली शादी थी और शाम होते ही जगह-जगह जाम लग गया। बारात के चलते जाम का आलम यह रहा कि सिवाया टोल प्लाजा पर आने और जाने वाली दोनों लेन में दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लगी हुई थी। इसके अलावा मोदीपुरम हाईवे पर पल्हैड़ा चौराहे के पास जाम में यात्री फंसे रहे। यहां सर्विस रोड पर भी जाम लगा था, जाम में दुपहिया वाहन को निकलने में भी परेशानी हुई। इसके अलावा रुड़की रोड पर जाम के कारण बाराती और यात्री भी हांफ गए। मोदीपुरम और पल्हैड़ा चौराहे पर जाम में पुलिस नदारद रही। हर कोई जल्दी चलने के चक्कर में जाम में फंस रहा था। मंडपों के बाहर वाहनों के खड़े होने के कारण भी जाम लगा रहा।
मंडपों के बाहर बिगड़ी व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने बड़े बड़े दावे किए थे मंडप मालिकों को निर्देश दिए गये है कि मंडपों के बाहर बिना पार्किंग के वाहन खड़े नहीं होने देंगे। बारात की चढ़त भी बीच सड़क पर न हो, इसके लिए भी निर्देश दिए गये हैं। ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली रोड, मवाना रोड, गढ़ रोड और एनएच- 58 पर मुख्य स्थानों पर ड्यूटी भी लगाई, लेकिन मंडपों के बाहर सबसे ज्यादा व्यवस्था बिगड़ी। मंडपों के बाहर सड़क पर ही इधर-उधर वाहन पार्क कर दिए गए। बीच सड़क पर ही बारात निकली। जिससे व्यवस्था गड़बड़ा गई। ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर 80 वाहनों पर चालान चस्पाते हुए कार्रवाई भी की।
शादियों के कारण लगा जाम
शादियों को लेकर मुख्य स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई थी। हाईवे और मुख्य मार्गों पर शादियों के कारण वाहनों का दबाव रहा जिसके कारण जाम की स्थिति बनी। दिन में यातायात व्यवस्था ठीक रही। - संजीव वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/