सपा कार्यकर्ता ने युवती को फ्लैट में बनाया बंधक, तीन दिनों तक किया दुष्कर्म
देहरादून निवासी एक युवती ने प्रॉपर्टी डीलर पर नौकरी देने के बहाने मेरठ बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि प्रापर्टी डीलर ने खुद को सपा कार्यकर्ता बताकर उसे दोस्त के फ्लैट में तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा। विरोध करने पर पिटाई की। बाद में उसे हाईवे पर चलती कार से फेंककर फरार हो गया। टीपी नगर पुलिस ने आरोपी अनुज गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला यूपी के मेरठ शहर का है।
शनिवार शाम करीब पांच बजे कंकरखेड़ा थाने पहुंची इस युवती ने पुलिस को आरोप लगाते हुए बताया कि वह देहरादून की रहने वाली है। वहां कपड़ों का काम करती थी। करीब एक माह पूर्व उसकी दोस्ती मेरठ निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनुज गुर्जर से फेसबुक पर हुई थी। जिसने खुद को सपा का कार्यकर्ता बताया था। तीन दिन पहले अनुज ने उसे अपने साइट ऑफिस पर असिस्टेंट की जॉब देने के बहाने मेरठ में बुलाया था। उसके बाद वह उसे नेशनल हाईवे स्थित अपने एक दोस्त के फ्लैट पर ले गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बेरहमी से पीटा। उसके बाद अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर जंगल में ले गया। चलती गाड़ी से उसे बेहोशी की हालत में हाईवे पर फेंककर फरार हो गया। होश में आने के बाद वह थाने पहुंची।
सीमा विवाद ने उलझाया मामला
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा एपी मिश्रा ने घटनास्थल टीपीनगर थानाक्षेत्र का बताते हुए टीपीनगर थाने में ही केस दर्ज होने की बात कही। वहीं, टीपीनगर इंस्पेक्टर डालचंद ने कहा कि उनके यहां शुक्रवार रात दोनों पक्ष समझौता करके गए थे। फिर वह क्यों मुकदमा पंजीकृत करें। बाद में एसपी सिटी रणविजय सिंह के पास मामला पहुंचा तो उनके निर्देश पर टीपी नगर थाने में पीड़िता की तरफ से आरोपी अनुज गुर्जर निवासी पल्लवपुरम के खिलाफ दुष्कर्म और संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार रविवार को पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
मेरे मोबाइल में सुबूत
पीड़िता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उसके मोबाइल फोन में पर्याप्त सबूत हैं। लेकिन आरोपी ने उससे मोबाइल भी छीन लिया। इस हैवानियत के बाद उसने आत्महत्या का मना बना लिया था। लेकिन उसने अपनी सहेली को आपबीती बताई तो उसने उसे पुलिस की मदद लेने की सलाह दी।
खुद को कुंवारा बताया
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को कुंवारा बताया था। प्रोफाइल पिक्चर भी पुरानी लगाई हुई थी। जबकि फ्लैट पर लाने के बाद बताया कि वह शादीशुदा है और उसके 14-14 साल के दो बच्चे भी हैं। पीड़िता के अनुसार उसने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसे जबरन शराब पिला दी। उसके बाद दुष्कर्म किया। जब वह भी वह होश में आती तो उसे जबरन शराब पिला देता था। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने धमकी दी कि वह बहुत पैसे वाला है और सपा के एक नेता के साथ रहता है। वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/