Meerut: लिफ्ट मांगी तो काट दी रोशनी-पानी! मेरठ के हरी अपार्टमेंट में अजब कार्रवाई, 45 परिवारों का जीवन बेहाल
मेरठ के हरी अपार्टमेंट में लिफ्ट मरम्मत की मांग करना 45 परिवारों को भारी पड़ गया। सोसायटी प्रबंधन ने बिजली-पानी काटा, गार्ड हटाए और साफ-सफाई बंद कर दी। निवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे, पर न्याय की राह लंबी दिख रही है।
विस्तार
मेरठ के रुड़की रोड स्थित हरी अपार्टमेंट में बुनियादी सुविधाओं को लेकर निवासियों और सोसायटी प्रबंधन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मामला तब भड़क गया जब निवासियों ने लंबे समय से खराब पड़ी लिफ्ट की मरम्मत की मांग की। जवाब में सोसायटी प्रबंधन ने 45 परिवारों की बिजली और पानी की आपूर्ति रोक दी।
इस अपार्टमेंट में 56 फ्लैट हैं, जिनमें से अधिकतर में परिवार रहते हैं। गार्ड और सफाईकर्मी भी हटा लिए गए हैं, जिससे सुरक्षा और स्वच्छता की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
निवासियों ने थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने इसे अन्य विभाग का मामला बता कर कार्रवाई से हाथ खींच लिया। लोगों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट और मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) जाकर अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई।
यह भी पढ़ें: Meerut: दुश्मनों के छक्के छुड़ाने को तैयार आस्था पूनिया, देश की पहली महिला नौसेना लड़ाकू विमान पायलट बनीं
प्रोफेसर डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले भी लिफ्ट में एक नवजात, महिलाएं और बुजुर्ग फंस गए थे। तब समिति के सचिव कृष्णकांत, प्रतिनिधि अशोक गर्ग और उपाध्यक्ष सुरजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
अब जब लिफ्ट दोबारा खराब हुई तो प्रबंधन का तर्क है कि चूंकि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, इसलिए वे अब मरम्मत नहीं कराएंगे।
सोसायटी की निवासी नेहा ने कहा कि हमारे साथ अन्याय हो रहा है। बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं काट दी गई हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही। महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है।
निवासियों का कहना है कि उनका जीवन दूभर हो गया है, और सिर्फ लिफ्ट नहीं, अब उन्हें न्याय की जरूरत है।