UP: BJP सांसद के प्रतिनिधि पर हमला, दो समुदाय के लोगों में पथराव, फेंकी गईं कांच की बोतलें, तोड़फोड़ का प्रयास
Meerut News : मेरठ में दूसरे समुदाय के लोगों ने भाजपा सांसद के प्रतिनिधि पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों समुदाय के लोगों में पथराव हुआ। इस दौरान कांच की बोतलें भी फेंकी गईं। वहीं, तोड़फोड़ का प्रयास भी किया गया।
विस्तार
मेरठ के देहलीगेट थाना क्षेत्र में शिव चौक के पास स्कूटी टकराने के विवाद के बाद भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल के प्रतिनिधि और कोयला कारोबारी ब्रह्मपुरी निवासी संजीव माहेश्वरी पर दूसरे समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। इससे उनके चेहरे पर चोट लग गई। भाजपा नेताओं को इसकी जानकारी लगी तो वे मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। दोनों समुदाय की ओर से पथराव भी हुआ। कांच की बोतलें फेंकी गईं। सूचना पर कई थानों की पुलिस के साथ सीओ कोतवाली पहुंचे और मामले को शांत करने की कोशिश की। इस दौरान एक आरोपी पुलिस से हाथ छुड़ाकर भाग गया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने थाने में हंगामा कर दिया। पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद ही मामला शांत हुआ।
ब्रह्मपुरी निवासी संजीव माहेश्वरी अपनी पोती को जैन नगर में कोचिंग सेंटर में छोड़कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह शिव चौक के पास पहुंचे तो उनकी स्कूटी की टक्कर यहां इनाम, शाहजेब, बिलाल निवासी पत्ता मोहल्ला के ठेले से हो गई। आरोप है कि इनाम और शाहजेब ने प्रतिनिधि की पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। स्कूटी में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। इस दौरान भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा, भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता काले, राकेश गौड़ पहुंच गए।
उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। यहां दो पक्षों में पथराव हुआ और कांच की बोतलें चल गईं। इसी दौरान इनाम को पुलिस के सामने से बिलाल ने छुड़ा लिया। इस पर भाजपा नेताओं ने फिर हंगामा कर दिया। शाहजेब को पुलिस ने पकड़ लिया। इनाम और बिलाल हो गए। पुलिस ने आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इस मामले सांसद प्रतिनिधि ने खुद अपनी ओर से केस दर्ज कराने से मना कर दिया। इसके बाद चौकी प्रभारी आदेश की ओर से केस दर्ज किया गया। भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने कहा कि कुछ लोग माहौल खराब करना चाहते हैं। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, सुरक्षा के लिए फोर्स तैनात कर दी गई है।
खुलेआम बेचा जा रहा मीट, रोक लगाने की मांग
भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने सीओ का घेराव करते हुए कहा कि शहर में अवैध रूप से मीट बेचा जा रहा है। इस पर रोक लगाई जानी चाहिए अन्यथा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मामले में उन्होंने उच्च अधिकारियों से भी बात करने के लिए कहा है।
बदर अली पहुंचे, कार्रवाई के लिए कहा
सपा नेता बदर अली मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीओ से कहा कि इनाम ने गलती की है। उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए। किसी निर्दोष को न फंसाया जाए। उन्होंने कहा कि यहां धार्मिक नारेबाजी भी माहौल खराब करने की नीयत से की गई।
यह भी पढ़ें: Murder: पुलिस चौकी से 50 मीटर की दूरी पर वारदात, बेटे-पोती को बनाया बंधक, बुजुर्ग दंपती पर बरसाईं गोलियां
मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। - अमित राय, सीओ कोतवाली
यह भी पढ़ें: बेडरूम में मर्डर: गोलियों की आवाज से दहल उठे लोग, व्यापारी ने चीख-चीखकर तोड़ा दम, खतरनाक इरादे से आए थे बदमाश