Meerut: सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारी नदारद, घंटेभर इंतजार के बाद फरियादी लौटे मायूस
मेरठ के सरधना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस इस बार अधिकारियों की गैरमौजूदगी के कारण बेअसर साबित हुआ। निर्धारित समय पर पहुंचे फरियादी अधिकारियों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
यह भी पढ़ें: Meerut: जांच-पंचनामे से बचने के लिए घिनौनी हरकत, CCTV ने उजागर की पुलिस की करतूत, चौकी प्रभारी-सिपाही निलंबित
करीब चार घंटे तक फरियादी अधिकारियों का इंतजार करते रहे। कई बुजुर्ग, महिलाएं और दूरदराज से आए लोग धूप और ठंड के बीच अपनी बारी की प्रतीक्षा करते रहे, मगर समाधान दिवस सिर्फ एक औपचारिकता बनकर रह गया। आखिरकार मजबूर होकर अधिकांश लोग बिना कार्य निपटाए ही लौट गए।
स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्हें अपनी समस्याएं लेकर समाधान दिवस में आने को कहा गया था, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति से पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य ही विफल हो गया।
तहसील प्रशासन का कहना है कि अधिकांश अधिकारी मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में व्यस्त थे, जिसके चलते वे समाधान दिवस में शामिल नहीं हो सके। अचानक बदले कार्यक्रम का खामियाज़ा जनता को भुगतना पड़ा।
फरियादियों ने प्रशासन से मांग की है कि समाधान दिवस को औपचारिकता न बनाया जाए, बल्कि अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।