Meerut News : बारिश ने तोड़ा 43 साल का रिकॉर्ड, फसलों को भारी नुकसान, चिंता में डूबे किसान
Meerut News : मेरठ में बारिश ने 43 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। वहीं, बारिश होने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस वजह से किसान चिंता में डूबे हुए हैं।
विस्तार
पश्चिमी यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार की रात से मंगलवार की सुबह तक झमाझम बारिश हुई। बारिश ने मार्च माह में पिछले 43 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दो दिन में 102.4 मिली बारिश दर्ज की गई। दस डिग्री तापमान कम रहा। अभी 24 और 25 मार्च को भी बारिश के आसार हैं।
मौसम कार्यालय में दिन का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस और बारिश 62.2 मिमी दर्ज की गई, जबकि दो दिन में बारिश 102.4 डिग्री दर्ज किया। 1980 से लेकर अब तक 2023 में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। इससे पहले 2015 में बारिश 99.8 मिमी दर्ज की गई थी।
मार्च माह में दर्ज बारिश
वर्ष बारिश
2023 142
2022 00
2021 00
2020 41.8
2019 10.6
2018 00
2017 19.0
2016 20.2
2015 99.8
2014 16.9
2013 7.4
2010 18.5
2005 1.0
2000 5.9
1995 15.5
1990 00
1985 17.0
1980 12
(आंकड़े मिमी. में)
फसलों को नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ी
किसानों की फसल खेतों में तैयार है और बेमौसम बारिश के साथ ही हवा आफत बन गई है। सबसे ज्यादा गेहूं, आलू और सरसों को नुकसान पहुंचा है। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. आरएस सेंगर का कहना है कि इस समय बारिश फसलों के लिए अनुकूल नहीं है। बारिश से 15 से 20 प्रतिशत तक गेहूं और सरसों में नुकसान की आशंका है। गेहूं की फसल खेत में गिरने से उत्पादन पर ज्यादा असर दिखाई देगा।
अगले दो दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क व साफ रहने का अनुमान है जबकि 23 मार्च को पुन: सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से 24 मार्च को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, शामली, गाजियाबाद, हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ मध्यम वर्षा के आसार हैं। अन्य जिलों में भी हल्की वर्षा संभावित है। किसानों को गेहूं, चना, मसूर, सब्जियों आदि फसलों के खेत से यथा संभव जल निकास का प्रबंध कर लेना चाहिए। -डॉ. यूपी शाही मौसम वैज्ञानिक, कृषि विवि
यह भी पढ़ें: याकूब पर शिकंजा: रुतबा होगा कम, मर्सिडीज समेत 32 लग्जरी गाड़ियां और जमीन-हॉस्पिटल व स्कूल होंगे जब्त
मार्च माह में हुई बारिश ने पिछले 43 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। बारिश पिछले दो दिन में 102.4 मिमी दर्ज की गई है। अभी दो दिन तक राहत के बाद फिर से बारिश होगी। दिन का तापमान सामान्य से दस डिग्री कम दर्ज किया गया। -डॉ. एन. सुभाष, मौसम वैज्ञानिक आईआईएफएसआर
यह भी पढ़ें: UP : बेमौसम बारिश ने बढ़ाई ठंड, ओलावृष्टि से चिंता में डूबा किसान, गेहूं-सरसों की फसल को भारी नुकसान
धुल गया प्रदूषण, एक्यूआई 58
एनसीआर में तेजी से बढ़ते एयर क्वालिटी इंडेक्स पर बारिश और हवा ने ब्रेक लगा दिया है। मंगलवार को एनसीआर में सबसे कम मेरठ का एक्यूआई 62 दर्ज किया गया। गाजियाबाद 65 और बागपत 71 दर्ज किया गया है। जयभीमनगर 59, पल्लवपुरम 85, गंगानगर 30 और बेगमपुल 44 और दिल्ली रोड पर 35 दर्ज किया गया।