मेरठ: पूर्व मंत्री हाजी याकूब की बंद पड़ी फैक्टरी में छापा, 19 घंटे चली कार्रवाई, खुल सकते हैं बड़े राज
पूर्व मंत्री हाजी याकूब की बंद पड़ी फैक्टरी में पुलिस ने छापा मारा। फैक्टरी में करीब 19 घंटे कार्रवाई चली। माना जा रहा है कि कार्रवाई में कई बड़े राज खुल सकते हैं।
विस्तार
मेरठ जनपद के खरखौदा में पूर्व मंत्री हाजी याकूब की बंद पड़ी फैक्टरी में अवैध रूप से पशु कटान की सूचना पर पुलिस-प्रशासन सहित कई विभागों ने बुधवार देर रात में छापामारी की। जहां टीम ने बड़ी मात्रा में मीट बरामद किया। वहीं मौके पर काम कर रहे नौ लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। इस दौरान कई लोग फैक्टरी की दीवार कूदकर फरार हो गए। कार्रवाई इतनी लंबी रही की गुरुवार रात नौ बजे तक भी टीम फैक्टरी में ही मौजूद थी।
जानकारी के अनुसार पुलिस-प्रशासन की टीम को बुधवार रात में हापुड़ रोड स्थित पूर्व मंत्री की मीट फैक्टरी अल फईम में अवैध कटान की सूचना मिली थी। इसके बाद बुधवार देर रात में एसपी किठौर सहित भारी पुलिस बल ने छापामारी की। जहां टीम को भारी मात्रा में अवैध मीट मिला। वहीं टीम ने मौके से काम कर रहे नौ कर्मचारियों को हिरासत में लिया। वहीं कई दर्जन कर्मचारी दीवार फांद कर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद एसडीएम सदर संदीप भागिया व एसपी देहात केशव कुमार के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन, राजस्व, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खाद्य विभाग, विद्युत निगम, नगर निगम व पशुपालन विभाग सभी की टीम फैक्टरी में पहुंची। बुधवार रात दो बजे से गुरुवार शाम छह बजे तक भी कार्रवाई चलती रही। वहीं कार्रवाई के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति व मीडिया कर्मी को छापेमारी से दूर रखा गया। प्रशासन अभी इस मामले में कोई भी जानकारी देने से इंकार कर रहा है।
अवैध रूप से हो रहा था मीट का कटान
बताया गया कि 2019 में एमडीए में फैक्टरी का नक्शा पास न होने के कारण उस पर सील लगा दी गई थी। लेकिन सूचना है कि फैक्टरी में सैकड़ों कुंतल मीट पैकिंग के लिए तैयार हो रहा था। फैक्टरी रात में अवैध रूप से चलाई जा रही थी। सूचना है कि इसमें मीट तैयार कर दूसरी फैक्टरी में भेजा जा रहा था।
पुलिस व नगर निगम की मिलीभगत से तो नहीं चल रही थी फैक्टरी
यह फैक्टरी मेरठ बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी है। रात में फैक्टरी में कटान के लिए पशु भी आते होंगे और मीट तैयार कर पैकिंग के बाद वहां से गाड़ियां भी निकलती होंगी। जबकि पुलिस की एक गस्त टीम रात में एक घंटे तक वहीं पर मौजूद रहती है। सवाल यह भी है कि जब नगर निगम द्वारा फैक्टरी पर सील लगाई गई थी तो सील कैसे टूट गई।
यह भी पढ़ें: भयावह: आग लगने से मची भगदड़, धुएं से घुटने लगा दम, बेहोश होकर गिरे कर्मचारी, देखिए मौके की तस्वीरें
बड़ी कार्रवाई की तो नहीं है तैयारी
छापामारी के दौरान कार्रवाई बुधवार रात दो बजे से गुरुवार रात नौ बजे तक लगातार चल रही थी। कार्रवाई के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। कहीं प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई तो नहीं चल रही।