निशाने पर कबाड़ी: पुलिस का फिर छापा, सलीम के गोदाम में मिले 10 लाख रुपये और छह इंजन, चार आरोपी भी दबोचे
मेरठ में सोतीगंज के कबाड़ी पुलिस के निशाने पर हैं। पुलिस ने फिर से छापा मारा है। वहीं छापामारी के दौरान सलीम के गोदाम से दस लाख रुपये और छह इंजन मिले हैं।
विस्तार
मेरठ में सदर चाट बाजार के पास कबाड़ी सलीम के गोदाम पर मंगलवार को एएसपी कैंट सूरज राय ने छापा मारा। यहां से चोरी और लूट के वाहनों के छह इंजन बरामद किए गए। दो कार भी मिली हैं। पुलिस ने चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं। एएसपी ने बताया कि इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए मिले हैं। इनकी जांच के लिए फोरेंसिक लैब से संपर्क किया गया है। पुलिस को गोदाम से 10 लाख रुपये भी मिले हैं।
एएसपी के मुताबिक सलीम निवासी जामुन मोहल्ला लालकुर्ती का चाट बाजार में गोदाम है। यहां मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड के कई जिलों के चोरी और लूट के वाहनों का कटान किया जाता है। एएसपी सुबह करीब साढ़े दस बजे टीम के साथ गोदाम पर पहुंचे। पुलिस ने सलीम, नौशाद निवासी रजबन बड़ा बाजार सदर, जहीन निवासी जामुन मोहल्ला लालकुर्ती और कुलदीप निवासी गली नंबर एक सुभाष नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने टेरेनो और होंडा सिटी कार बरामद की। इसके साथ ही एक इंजन कटे हुए हालत में मिला जबकि पांच इंजन और बरामद किए। यहां से दस लाख रूपये की धनराशि को देखकर पुलिस की आंख फटी रह गई। पुलिस नकदी और इंजन बरामद करके थाने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि चोरी और लूट के वाहनों के इंजनों को बदलकर दूसरी गाड़ी में फिट किया जाता रहा है। इनके फर्जी दस्तावेज तैयार होते हैं। इनके ऐसे ग्राहक ज्यादा आते थे, जिनकी कार का इंजन खराब हो गया है। वह चोरी का इंजन ग्राहक की गाड़ी में सेट कर देते थे।
यह भी पढ़ें: भीषण आग से मचा हाहाकार : दुकान के भीतर जलती रहीं तीन जिंदगी, गूंजती रही बेबस परिजनों की चीत्कार
कई साल से कर रहे वाहनों का कटान
एएसपी ने बताया कि आरोपी कई साल से चोरी और लूट के वाहनों का कटान कर रहे थे। आरोपी आन डिमांड अवैध तरीके से इंजन वाहनों में सेट कर रहे थे। इनके नेटवर्क की तलाश जारी है।
फोरेंसिक साइंस लैब करेगी इंजनों की जांच
एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि आरोपियों ने इंजन और चेसिस नंबर को घिसा हुआ है। इसके चलते फोरेंसिक लैब से इंजनों की जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: खौफनाक मंजर: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, इलाके में मची चीख-पुकार, देखिए हादसे की तस्वीरें
बराबर के गोदाम से भी मिले इंजन और पुर्जे
सलीम के गोदाम के बराबर में एक और गोदाम है। वहां से भी पुलिस ने काफी मात्रा में इंजन और पुर्जे बरामद किए गए है। एएसपी कैंट ने बताया कि जांच करवाई जा रही है। यह नेटवर्क और बड़ा हो सकता है।