फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Meerut News Live: तहसील में भिड़े अधिवक्ता, जमकर जूतम-पैजार, कोल्हू मालिक को खौलते रस के कड़ाहे में दिया धक्का

Fri, 30 Dec 2022 06:35 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ
अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ Published by: कपिल kapil Updated Fri, 30 Dec 2022 06:35 PM IST
खास बातें

पश्चिमी यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों को भी बंद किया गया है। वहीं शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। माना जा रहा है कि हल्की बारिश भी हो सकती है। यहां पढ़िए पश्चिमी यूपी का पल-पल का अपडेट-

विज्ञापन
Meerut News Live: read of all district update of West Uttar Pradesh
मौके पर पहुंची पुलिस। - फोटो : amar ujala

लाइव अपडेट

06:26 PM, 30-Dec-2022
युवती की बरामदगी के लिए थाने पर हंगामा
बिजनौर में धामपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती को उसी के गांव का दूसरी बिरादरी का युवक बृहस्पतिवार को भगा ले गया। शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी के नेता जिला पंचायत सदस्य विवेक जैन के नेतृत्व में ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों ने थाने में जाकर काफी देर तक हंगामा किया। युवती को बरामद कर आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।

बताया गया कि क्षेत्र के एक गांव की युवती को उसी के गांव का दूसरी बिरादरी का युवक बृहस्पतिवार को भगा कर ले गया। जैसे ही घटना का समाज के लोगों को पता लगा तो उनमें आक्रोश फैल गया। जिला पंचायत सदस्य विवेक सेन के नेतृत्व में ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर थाने पहुंचे। पुलिस पर युवती को बरामद करने और आरोपी युवक पर अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई करने की मांग की। कहा कि पुलिस कार्रवाई में यदि लापरवाही नजर आई तो आंदोलन होगा। 

उधर, कोतवाल का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, युवती को बरामद करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। कोतवाल के आश्वासन के बाद ग्रामीण लौट गए। कोतवाल ने बताया कि युवती को बरामद करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। 
06:24 PM, 30-Dec-2022
कैमरे में कैद हुआ चोर। - फोटो : amar ujala
सराफ की दुकान का शटर उखाड़ पांच लाख के जेवर चोरी 

सहारनपुर के छुटमलपुर में पुलिस चौकी मुजफ्फराबाद क्षेत्र के अंतर्गत कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित जोया ज्वेलर्स की दुकान में चोरों ने देर रात शटर उखाड़ कर पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुजफ्फराबाद निवासी शहजाद की मुख्य बाजार ढलान पर जोया ज्वेलर्स के नाम से सराफ की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात साढ़े तीन बजे पुलिस चौकी इंचार्ज अमित नागर ने गश्त के दौरान सराफ की दुकान का शटर उखड़ा हुए देखा। इसके बाद उन्होंने फोन करके शहजाद को बुलाया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डिटेल को खंगालने पर पता लगा कि रात 1:32 से 1:38 तक की अवधि में मात्र छह मिनट के अंदर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए हैं। 

थानाध्यक्ष फतेहपुर प्रमोद रावल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
06:19 PM, 30-Dec-2022
आरोपी गिरफ्तार - फोटो : amar ujala
चार साल से फरार इनामी बदमाश को पुलिस ने दबोचा

सहारनपुर के गागलहेड़ी में चार साल से फरार चल रहे 21 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान किया है।

थाना प्रभारी सुनील नेगी ने बताया कि चार साल पहले चोरी के एक मुकदमे में इंतजार पुत्र बाबू निवासी गोपालपुर थाना मंडावर जिला बिजनौर फरार चल रहा था। चार साल से फरार अभियुक्त पर एसएसपी विपिन ताड़ा ने एक सप्ताह पहले ही 21 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

थाना प्रभारी ने बताया की मुखबिर की सूचना पर भगवानपुर रोड पर शराब के ठेके के पास पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
06:15 PM, 30-Dec-2022
कोल्हू मालिक को खौलते रस के कड़ाहे में दिया धक्का 

नकुड़ में कोल्हू पर काम करने वाले मजदूरों ने कोल्हू मालिक को खौलते रस के कड़ाहे में धक्का दे दिया। इसमे कोल्हू मालिक के दोनों पैर बुरी तरह झुलस गये। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जनपद हरिद्वार के गांव झबरेड़ा निवासी मुस्तकीम पुत्र कासिम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसने नकुड़ के गांव आसराखेड़ी में कोल्हू लगा रखा। बताया कि शुक्रवार की सुबह कोल्हू पर काम करने वाले मजदूर ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इसी बात को लेकर उनकी मजदूरों के साथ कहासुनी हो गई।

आरोप है कि चारों मजदूरों ने मिलकर जान से मारने की नीयत से उसे खोलते गन्ने के रस के कडाहे में धक्का दे दिया। इससे उसके दोनों पैर बुरी तरह झुलस गए। पीड़ित ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी फैसल व उमर पुत्र नईम निवासी गांव पदम नगली, पुष्पेन्द्र व आदित्य पुत्र रोहताश निवासी गांव बाकरवाला थाना नकुड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
05:21 PM, 30-Dec-2022
फुटबॉल किंग पेले को दी श्रद्धांजलि, खेला फुटबॉल मैच

मेरठ में 14 गढ़वाल राइफल आर्मी के मैदान पर शुक्रवार को महान फुटबाल खिलाड़ी पेले को श्रद्धांजलि देते के लिए उनकी याद में मैच खेला गया। मैच आर्यन मेरठ और नाइन डिवीजन आर्मी फुटबॉल टीम के बीच हुआ। सबसे पहले दोनों ही टीम के खिलाड़ियों ने नम आंखों से महान फुटबॉल खिलाड़ी पेले को श्रद्धांजलि दी।

मुख्य अतिथि कर्नल अनुज त्यागी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहला हाफ बराबरी पर रहा, दूसरे हाफ में नाइन डिवीजन आर्मी के शुभम ने कॉर्नर किक पर शानदार हेड से गोल मारकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया और मैच के अंत में यही गोल्ड निर्णायक साबित हुआ। नाइन डिवीजन आर्मी फुटबॉल टीम ने मैच 1-0 से जीत लिया।।

इस मैत्री मैच के आयोजन सचिव पवन तोमर ने बताया कि जल्दी ही महान खिलाड़ी पेले की याद में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 
04:53 PM, 30-Dec-2022
तहसील में भिड़े अधिवक्ता, सीओ के सामने हुई जूतम-पैजार, महिला वकील घायल

बागपत जनपद में तहसील में शुक्रवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब क्लाइंट को लेकर एक महिला व एक पुरुष अधिवक्ता आपस में भिड़ गए। जहां बीच-बचाव कराने पहुंचे सीओ के सामने भी काफी देर तक जूतम-पैजार होती रही। इसमें एक महिला अधिवक्ता घायल हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
03:14 PM, 30-Dec-2022
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले- भारत जोड़ो यात्रा के जरिए सभी को जोड़ना होगा आसान  

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। यहां बुढ़ानागेट स्थित पार्टी कार्यालय पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को साथ जोड़ना बहुत बड़ी चुनौती है, लेकिन भारत जोड़ो यात्रा इसको आसान करेगी। हमने वो समय भी देखा जब साइकिल पर लोग पत्थर फेंका करते थे। लेकिन हमने उसको फूल समझकर स्वीकार किया। आज भी वही विकट समस्या हमारे सामने है, लेकिन कांग्रेस को खड़ा करना है।

उन्होंने कहा जो पार्टी देश और प्रदेश में सत्ता में है, वह देश को खत्म करना चाहती है। कांग्रेस सरकार के दौरान हम अमेरिका को भी चैलेंज करते थे और आज हम नेपाल से भी नीचे खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन आठ सालों में हम कहां खड़े हैं। देश के प्रधानमंत्री कहते हैं हम विश्व गुरु बनेंगे। आज हम दूसरों के सहारे तरक्की की राह देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में जा रहा है। आने वाली पीढ़ियों को क्या जवाब देंगे। उन्होंने अपील की कि तीन जनवरी को ताकत के साथ हमारे नेता राहुल गांधी के साथ खड़े हों। कहा कि राहुल गांधी शहर में रुककर सभी नेताओं से मिलेंगे और समस्याओं के बारे में जानेंगे।
02:11 PM, 30-Dec-2022
दुबई मेडिकल सेमिनार में भेजने के नाम पर डॉक्टर से साढ़े पांच लाख की ठगी
मेडिकल सेमिनार में शामिल होने के लिए दुबई भेजने के नाम पर मुजफ्फरनगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक से साढ़े पांच लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित चिकित्सक ने सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
11:54 AM, 30-Dec-2022
मेरठ पहुंचा यूट्यूबर का शव, मचा कोहराम, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

यूट्यूबर सुनील सैनी का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने किसी तरह पीड़ित परिवार को संभाला।

एक सप्ताह पहले ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय डूबा था सुनी सैनील
मीनाक्षीपुरम ई-63 मेरठ निवासी यूट्यूबर सुनील सैनी (26) एक सप्ताह पहले ऋषिकेश में गंगा में नहाते समय डूब गया था। वहीं गुरुवार को सुनील सैनी का शव पशुलोक बैराज से मिला है। एसडीआरएफ की टीम ने शव बरामद किया। ऋषिकेश पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
10:57 AM, 30-Dec-2022
खतौली में सड़क पर उतरे जैन समाज के लोग
केंद्र सरकार की ओर से सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल बनाने पर जैन समाज में रोष व्याप्त है। विश्व जैन संगठन के आह्वान पर खतौली के सकल जैन समाज ने फैसले के विरोध में जुलूस निकाला। जुलूस बड़ा बाजार स्थित सराफान जैन मंदिर से निकाला गया।

वहीं समाज के लोगों ने कहा कि सरकार का फैसला गलत है। पर्यटन स्थल बनाए जाने से धर्मस्थल पर गलत तरीके से आवाजाही होगी। लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। जुलूस के दौरान जैन समाज ने कहा कि सरकार का यह फैसला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed