Meerut News Live: बवाल के बाद गून में फोर्स तैनात, चार आरोपी गिरफ्तार, सड़क हादसे में भैंसा बुग्गी चालक की मौत
मेरठ में काजमाबाद गून गांव में शुक्रवार रात हुई फायरिंग के बाद एहतियात के तौर पर आरआरएफ तैनात कर दिया गया। बिजनौर में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद चौधरी जयंत सिंह बिजनौर जिले में समरसता अभियान के तहत दो दिवसीय दौरे पर हैं।
विस्तार
बिजनौर के नूरपुर में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तयशुदा जमीन धोखाधड़ी से बेचने के आरोप में महिला समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। थानार्गत गांव गोहावर जैत निवासी शुभम पुत्र करन ने न्यायालय में दायर याचिका में कहा कि गांव के विजयपाल पुत्र चंद्रपाल ने अपनी एक जमीन का इकराना ढाई लाख रुपये मे उसके नाम किया था। इस एवज में एक लाख रुपये अग्रिम लिया था।
आरोप है कि नियत तिथि आने पर वह बैनामा करने में टाल मटोल करने लगा और 1 जनवरी 23 को उसे तयशुदा जमीन का बैनामा गवाहान गांव के ही बलराम व ओमप्रकाश से हमसाज होकर पवन देवी पत्नी ओमप्रकाश निवासी सब्दलपुर के हक में कर उसके साथ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत कर उसके एक लाख रुपये हड़प लिए है।
शुभम का आरोप है कि जब उसने विजयपाल व उसके पुत्रो गौतम व शिव कुमार से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई। न्यायालय ने इस प्रकरण में नूरपुर पुलिस को सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने के आदेश दिए है। थानाध्यक्ष संजय कुमार तोमर ने न्यायालय के आदेश पर पवन देवी समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की पुष्टि की है।
यह भी पढ़ें: Nishank Murder: बड़ा खुलासा, BJP नेता ने की थीं पत्नी के साथ क्रूरता की हदें पार, बेटे से बनवाईं वीडियो
समरसता अभियान के सूत्र से बना रहे भाईचारे का बंधन
बिजनौर में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद चौधरी जयंत सिंह बिजनौर जिले में समरसता अभियान के तहत दो दिवसीय दौरे पर हैं। चौधरी जयंत सिंह समरसता अभियान के सहारे पार्टी के बिखरे वोटों को जोड़ने का प्रयास किया। कहां कि राष्ट्रीय लोकदल सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि 9 साल में कुछ नहीं किया है।
समरसता अभियान के तहत रविवार को कई गांव में सभा को संबोधित करेंगे। उनका काफिला काजीवाले के बाद ग्राम कम्भौर में भी उनका भव्य स्वागत किया गया। यहां के बाद फतेहपुर गड़ी में सभा को संबोधित करेंगे।
वाहन ने भैंसा-बुग्गी को टक्कर मारी, चालक की मौत
बेहट थानाक्षेत्र में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर भैंसा-बुग्गी को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है।
हादसा रविवार की तड़के चार बजे गंदेवड़ तिराहे के पास हुआ। बेहट कस्बे के मोहल्ला महाजनान निवासी सईद (45) पुत्र शरीफ अपनी भैंसा-बुग्गी लेकर यमुना नदी से रेत भरने के लिए जा रहा था। इसी दौरान गांव गंदेवड़ तिराहे के पास उसकी भैंसा-बुग्गी में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सईद सड़क पर जा गिरा और वाहन उसे कुचलते हुए निकल गया।
उसकी उसी समय मौत हो गई। किसी ने हादसे की सूचना बेहट पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले गई। उधर, पुलिस की सूचना पर परिजन भी कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है, परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे है।
बवाल के बाद गून में फोर्स तैनात, चार आरोपी गिरफ्तार
मेरठ के काजमाबाद गून गांव में रास्ते के विवाद में शुक्रवार रात हुई फायरिंग की घटना के बाद एहतियात के तौर पर आरआरएफ तैनात कर दिया गया। साथ ही चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरअसल, काजमाबाद गून निवासी कुंवरपाल का पांच दशक से रास्ते को लेकर दलित पक्ष से विवाद चल रहा है। हाईकोर्ट से फैसला कुंवरपाल के पक्ष में आया तो उसने रास्ते की शुक्रवार को डोलबंदी कर दी थी। डोलबंदी को देख दलित पक्ष की और से काफी लोग एकत्र हो गए और मारपीट की गई। दलित पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। गोली कुंवरपाल के भतीजे रविंद्र के हाथ में लग गई थी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में राजन, मुनेश, रामपाल व सचिन को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस और आरआरएफ को तैनात किया गया है। इसके अलावा गांव में गश्त भी की जा रही है।