Nishank Murder: बड़ा खुलासा, BJP नेता ने की थीं पत्नी के साथ क्रूरता की हदें पार, बेटे से बनवाईं वीडियो
भाजपा नेता की मौत के मामले में पुलिस ने कई बड़े खुलासे किए हैं। पत्नी सोनिया ने पति की गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं निशांक गर्ग के मोबाइल में पत्नी संग क्रूरता के कई वीडियो पुलिस को मिले हैं। पुलिस ने मोबाइल का डाटा रिकवर करने के लिए भेजा है।
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा में भाजपा नेता की मौत के बाद पुलिस ने कई बड़े खुलासे किए हैं। भाजयुमो के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी निशांक गर्ग ने 13 साल पहले जातीय बंधन तोड़ते हुए प्रेम विवाह किया था। उनकी प्रेम कहानी का अंत इतना दर्दनाक होगा। यह कोई सोच भी नहीं सकता था। अब यह भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या वजह थी कि पति-पत्नी के बीच रिश्तों में इतनी कड़वाहट आ गई थी। जिस तरह पति-पत्नी के रिश्ते थे, उसे जानकर हर कोई हैरत में है। गोविंदपुरी निवासी निशांक ने अशोकपुरी निवासी सोनिया से लव मैरिज की। सोनिया के प्रजापति समाज से होने के कारण परिजन खुश नहीं थे।
बुआ और फूफा ने निशांक को लिया था गोद
निशांक के पिता का नाम राजेश गर्ग था। बचपन में ही निशांक को उसकी बुआ मंजू देवी और फूफा आनंद कुमार ने कानूनी रूप से गोद लिया था। मंजू देवी और उनके पति आनंद कुमार की मौत हो चुकी है। राजेश गर्ग की भी मौत हो चुकी हैं।
निशांक के परिवार भाई गौरव गोयल उर्फ रिंकू और उनकी माता हैं। गौरव गोयल ने आरोप लगाया है कि सोनिया ने निशांक की हत्या की है। अगर हाथापाई में गोली लगी थी तो उसने रात को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी। घर का ताला लगाकर क्यों चली गई।
निशांक ने बेटे से बनवाया था वीडियो
पुलिस के मुताबिक निशांक के मोबाइल में पत्नी सोनिया के साथ क्रूरता और निर्वस्त्र वाले वीडियो मिले हैं। इन वीडियो को निशांक ने अपने बेटे से बनवाया था। इनमें दो वीडियो रात के भी हैं।
एसएसपी ने इन वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने और मोबाइल का डाटा रिकवर कराने के लिए कहा है। एक वीडियो में निशांक पत्नी के बाल काटते हुए भी नजर आ रहे हैं। दूसरे वीडियो में निर्वस्त्र करते हुए क्रूरता की हदें पार की गई हैं।
भाजपा नेता पहुंचे घर
निशांक गर्ग की मौत के बाद संयुक्त व्यापार संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज मित्तल, पंडित संजय त्रिपाठी, गणेश अग्रवाल, कमल कुमार, राजेश खन्ना समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने घर जाकर शोक जताया। वीनस शर्मा, विनय विरालिया, अखिल गोयल, आयुष खटीक मोर्चरी पहुंचे।
जांच के बाद सामने आएगी स्थिति
पूरे मामले की जांच कर रहे सीओ दौराला अभिषेक पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, बच्चों के बयान, मौके पर मिले साक्ष्य और मोबाइल में मिले वीडियो की जांच की जा रही है। जो भी जांच में सामने आएगा, उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएंगी।
निशांक का गोली लगा शव सुबह बेड पर मिला था। निशांक के भाई गौरव द्वारा हत्या की तहरीर दी गई है। निशांक की पत्नी सोनिया से पूछताछ की गई है। गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। कई बिंदू सामने आए हैं। सोनिया को आशा ज्योति केंद्र भेजा गया है। मोबाइल में कई वीडियो मिले हैं, इनकी जांच कराई जा रही है। फोरेंसिक जांच के साथ ही बच्चों के बयान लिए जा रहे हैं। - पीयूष कुमार सिंह, एसपी सिटी