मेरठ : मुख्यमंत्री योगी के जाते ही लाइट एंड साउंड शो बंद, क्रांति पथ पर भी लग गईं दुकानें, पढ़ें क्या बोले अधिकारी
सीएम योगी के निकलते ही लाइट एंड साउंड शो पर ताला पड़ गया। यही नहीं 50 लाख खर्च कर बनाए क्रांति पथ पर भी अवैध दुकानें सज गईं।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को शहर से निकलते ही लाइट एंड साउंड शो पर ताला पड़ गया। अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि शहर के लोग इस शो को किस-किस दिन और किस समय देख सकेंगे। करीब 50 लाख खर्च कर बनाए आधे-अधूरे क्रांति पथ पर भी बुधवार को अवैध दुकानें सज गईं।
मुख्यमंत्री के दौरे की सूचना से पहले सब कुछ चाक-चौबंद कर दिया जाता है, लेकिन बाद में सब कुछ पुराने ढर्रे पर ही आ जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने संबोधन में अफसरों को दो टूक कहा था कि जिन योजानाओं का लोकार्पण या शिलान्यास किया जा रहा है, उन्हें तय समय में पूरा करें या संचालन कराएं।
शहर ने शहीद स्मारक में लाइट एंड साउंड शो के लिए छह वर्ष तक इंतजार किया। मंगलवार को 35 मिनट की डॉक्युमेंट्री में 1857 का ऐतिहासिक इतिहास दिखाया गया। इसके बाद भी अभी तक इसके चलने के समय, टिकट, विभाग की जिम्मेदारी आदि तय नहीं। वहीं, जिस पत्थर को लगाकर इसका लोकार्पण किया गया, उस पत्थर को भी तय स्थान पर नहीं लगाया गया है। एक स्टैंड लगाकर लोकार्पण पत्थर को रखा गया है।
यह भी पढ़ें: अनुसूचित जाति के अपमान का बड़ा मामला: अब चंद्रशेखर आजाद पहुंचे गांव, जमकर हुई नारेबाजी
क्रांति पथ को समझ लिया फुटपाथ
शहीद स्मारक को देखने के लिए देश के कोने-कोने से लोगों का आवागमन रहता है। स्मारक की दीवार के ठीक नीचे से गुजर रहे क्रांति पथ को फुटपाथ समझ लिया गया है। यहां साइकिल, चाय आदि की दुकान लगाकर लोग कब्जा जमाकर बैठने लगे हैं। वहीं, बस, कार आदि की पार्किंग भी शहीद स्मारक के बाहर हो रही है। इसके बाद भी प्रशासन-पुलिस कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
यह भी पढें : लिव-इन का खौफनाक अंत: नहीं पसीजा प्रेमी का दिल, गर्भवती सीमा को दी ऐसी मौत, लाश देख कांपी लोगों की रूह
अभी चल रही है बात
अभी लाइट एंड साउंड शो के स्थानांतरण के लिए नगर निगम से बात चल रही है। क्रांति पथ पर से अवैध कब्जे प्रशासन से बात करके हटवाएंगे। - अंजू चौधरी, पर्यटन अधिकारी, मेरठ