सिपाही हत्याकांड: शव से लिपटकर बिलख पड़े परिजन, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शामली के गांव मंगलौरा में सिपाही अंकुर का शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
झिंझाना क्षेत्र के गांव मंगलौरा निवासी यूपी पुलिस के सिपाही अंकुर चौधरी पुत्र राजकुमार की मेरठ के फलावदा क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी थी। शुक्रवार सुबह उनका शव गन्ने के खेत में मिला था। उन्हें दो गोली लगी थी। सिपाही की मौत की खबर सुनते ही परिजन मेरठ रवाना हो गए थे। देर रात में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के साथ मेरठ पुलिस शनिवार सुबह करीब आठ बजे सिपाही के शव को लेकर पहुंची। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव से लिपटकर बिलख उठे। करुण विलाप सुनकर हर किसी की आंखें नम रही। मां पुष्पा देवी और बहन रीना तो भाई को याद कर बार-बार बेहोश तक हो रही थीं। लोगों ने उन्हें किसी तरह संभाला।
वहीं, अंकुर की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने अपनी दुकानें भी बंद रखीं। अंतिम संस्कार के लिए शव को यमुना नदी पर ले जाया गया। यहां पर मेरठ जिले के सीओ किठौर आलोक कुमार, एसओ मुंडाली रितेश कुमार, एसओ फलावदा करतार सिंह और झिंझाना थाना प्रभारी ओपी चौधरी आदि ने अंकुर को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद चिता को छोटे भाई अनुज ने मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और अन्य लोग मौजूद रहे।
अंकुर के मामा ने दी हत्या की तहरीर
मृतक सिपाही अंकुर के मामा पुष्पेंद्र सिंह निवासी हेवा जनपद बागपत ने सीओ किठौर आलोक सिंह को तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने भांजे अंकुर की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
परिवार के एक सदस्य को नौकरी का आश्वासन
मेरठ से आए सीओ किठौर आलोक सिंह ने बताया कि मृतक सिपाही के परिवार से एक सदस्य को पुलिस विभाग में नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा मेरठ पुलिस अपना एक दिन का वेतन पीड़ित परिवार की सहायतार्थ के रूप में देगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/