UP: किसानों के हक में गांव-गांव समर्थन जुटाएगा एमएसपी गारंटी किसान मोर्चा, सरदार वीएम सिंह ने रखी ये बड़ी मांग
एमएसपी गारंटी किसान मोर्चा किसानों के हक में गांव-गांव समर्थन जुटाएगा। वहीं सरदार वीएम सिंह कहा कि सरकार किसानों के लिए एमएसपी कानून लागू करें।
विस्तार
किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी के लिए एमएसपी गारंटी किसान मोर्चा ने गांव-गांव आंदोलन छेड़ दिया है। देहरादून और छुटमलपुर के बाद तीसरा अधिवेशन 21 दिसंबर को ग्रेटर नोएडा में होगा। किसानों को जागरूक करने के लिए हर गांव एमएसपी, घर-घर एमएसपी अभियान चलाकर प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखवाई जाएंगी। 23 मार्च शहीद दिवस को इन चिट्ठियों को प्रधानमंत्री कार्यालय में सौंपा जाएगा।
लंबे समय से किसान हितों की लड़ाई लड़ने वाले एमएसपी गारंटी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह और महाराष्ट्र के पूर्व सांसद एवं किसान नेता राजू शेट्टी ने कहा कि सरकार किसानों के लिए एमएसपी कानून लागू करें। किसान के दूध, फल, सब्जी और अनाज की एमएसपी तय हो।
उन्होंने बताया कि मोर्चे की तरफ से हर गांव एमएसपी, घर-घर एमएसपी, फसल हमारी भाव तुम्हारा नहीं चलेगा और 2024 में वोट चाहिए तो एमएसपी की गारंटी दो, लिखे बैनर लगवाए जाएंगे। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे किसान ये स्लोगन लिखे। दीवारों और शादी के कार्ड पर भी स्लोगन लिखें कि एमएसपी नहीं तो 2024 में वोट नहीं।
यह भी पढ़ें: UP: पढ़िए बागपत जिले की बड़ी खबरें, आखिर दबोचा गया 50 हजार का इनामी बदमाश, शौर्य की तलाश जारी
किसान नेताओं ने बताया कि हर गांव, हर घर से एक चिट्टी की दो कॉपी लिखी जाएंगी, एक डीएम को सौंपी जाएगी और दूसरी चिट्ठी प्रधानमंत्री कार्यालय में दी जाएगी। ये अभियान पूरे देश में चलेगा।
यह भी पढ़ें: शौर्य की तलाश: सूचना देने वाले को पुलिस देगी 50 हजार का इनाम, मां बोली- कुछ भी करो मेरे जिगर के टुकडे़ को लाओ
सरदार वीएम सिंह ने बताया कि किसानों को अपना हक लेने के लिए जागरूक होना पड़ेगा, 26 जनवरी को हर गांव में किसान तिरंगा फहराएं और एमएसपी गारंटी कानून की मांग करें। एमएसपी गारंटी किसान मोर्चे में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह, महाराष्ट्र के कोआर्डिनेटर पूर्व सांसद राजू शेट्टी, जल पुरुष राजेंद्र सिंह, कर्नाटक से किसान नेता कोडिहल्ली चंद्रशेखर, छत्तीसगढ़ से राजाराम त्रिपाठी और तमिलनाडु से गुरु स्वामी आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं।