Meerut: बदमाशों ने प्रधानमंत्री प्रॉजेक्ट को बनाया निशाना, 5 करोड़ के तार बरामद, गैंग के 13 सदस्य गिरफ्तार
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के जंगेठी स्थित वेयर हाउस में डाका डालने के आरोपी 13 बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गैंग के तीन सदस्य पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस ने गैंग के पास से हाईटेंशन लाइन का 80 क्विंटल तार बरामद करने का दावा किया है जिसकी कीमत करीब 5.20 करोड़ रुपये बताई गई है।
खिर्वा रोड पर बुधवार सुबह एसओजी और कंकरखेड़ा थाना पुलिस की डकैतों से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में बुलंदशहर निवासी रफीक अहमद, लोनी का अमन और गाजियाबाद के दादरी के मूल निवासी जगत के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने इनके साथ ही गैंग के 10 सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: भूमाफिया यशपाल तोमर की पांच करोड़ की कोठी को पुलिस ने किया जब्त, भारी पुलिस फोर्स तैनात
पुलिस ने बताया कि इस गैंग का लीडर जगत था। जगत दिन में रेकी कर रात को गैंग के साथ घटना को अंजाम देता था। गिरोह ने खतौली, खरखौदा, भोजपुर, किला परीक्षितगढ़, कंकरखेड़ा के अलावा जंगेठी गांव में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के वेयर हाउस में भी डकैती की वारदात की थी।
एसएसपी रोहित सिंह सजवान और एसपी क्राइम अनित कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि ये गैंग पश्चिमी उप्र के कई जिलों में बिजली के बड़े टावरों को काटकर तार भी चोरी करता था। गैंग का सरगना जगत सिंह काफी शातिर है। आरोपियों के पास से 3.76 लाख रुपये की नकदी, एक टाटा मैजिक, दो बोलेरो पिकअप, एक वैगनआर और एक बाइक तमंचे और गैस कटर बरामद किए गए हैं।
गैंग में कई जिलों के बदमाश
मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से घायल जगत, अमन, रफीक के साथ पुलिस ने खड़ौली निवासी इमरान पुत्र इरफान, लिसाड़ी गेट निवासी इमरान पुत्र इरफान, मनीष पुत्र हरवीर निवासी दुल्हैड़ा चौहान, रामप्रकाश उर्फ विशाल उर्फ लाला पुत्र गंगादास, निवासी पुरानी मोहनपुरी, थाना सिविल लाइन, अंकित कुमार पुत्र विजयपाल निवासी पावली फाटक थाना दौराला, ईश्वर पुत्र महावीर निवासी ग्राम जौला थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर, इबरार पुत्र यामीन निवासी पीपली खेड़ा थाना खरखौदा, अरशद पुत्र ताज मोहम्मद निवासी बेहटा हाजीपुर थाना लोनी बार्डर गाजियाबाद आदि को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली-गाजियाबाद के कबाड़ियों को बेचते थे
गैंग चोरी किया गया हाईटेंशन लाइन का तार कबाड़ियों को बेचता था। आरोपियों से पूछताछ में दिल्ली और गाजियाबाद के जिन कबाड़ियों के नाम सामने आए हैं उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने जाल बिछा दिया है।