Meerut: पूर्व मंत्री याकूब की फैक्टरी से मीट रिलीज की प्रक्रिया अटकी, अदालत ने दिया था ये बड़ा आदेश
Meerut News : पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की फैक्टरी से मीट रिलीज की प्रक्रिया अटक गई है। कोर्ट ने सही मीट को रिलीज करने, मानकविहीन मीट को जानवरों के प्रयोग के लिए व असुरक्षित मीट को नष्ट करने का आदेश दिया था।
विस्तार
मेरठ के खरखौदा में खाद्य सुरक्षा विभाग, मेरठ विकास प्राधिकरण और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की मौजूदगी में मंगलवार को पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की अल फहीम मीटैक्स फैक्टरी से मीट रिलीज करने की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन अमोनिया गैस की अधिकता के कारण परेशानी होने से यह काम पूरा नहीं हो पाया। सुरक्षित स्तर का कुछ ही मीट पहले दिन रिलीज हो सका।
31 मार्च 2022 को पूर्व मंत्री की मीट फैक्टरी पर छापा मारा गया था। इसके बाद हाजी याकूब और परिवार के अन्य सदस्यों सहित 17 लोगों को नामजद किया गया था। बाद में गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई की गई थी। फैक्टरी को सील कर दिया गया था। फैक्टरी में बंद मीट के निस्तारण की मांग के बाद न्यायालय के आदेश पर एक फरवरी को मीट के 98 नमूने लिए गए थे। न्यायालय ने सही मीट को रिलीज करने, मानकविहीन मीट को जानवरों के प्रयोग के लिए व असुरक्षित मीट को नष्ट करने का आदेश दिया था।
इसमें सही पाए गए 53 नमूनों का मीट 27 फरवरी को ही रिलीज कर दिया गया था। बाकी बचे नमूनों के लिए यह प्रक्रिया कराई गई। इनमें सात नमूने असुरक्षित श्रेणी के रहे, जबकि अन्य नमूनों के मीट को जानवरों के लिए प्रयुक्त किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: पत्नी की दबंगई: पति पर जुल्म की हदें पार, तीन दिन भूखा-प्यासा तड़पता रहा हाशिम, हैरान कर देंगी ये तस्वीरें
सीओ किठौर रूपाली राय के बताया कि मीट के स्टोरेज में अमोनिया गैस अधिक होने के कारण तापमान बहुत कम था। इस कारण मंगलवार को यह प्रक्रिया पूरी करने में काफी समय लग गया। पहले दिन कुछ ही मीट रिलीज किया जा सका। वहीं, असुरक्षित मीट को नष्ट करने की कार्रवाई भी पूरी नहीं हो सकी। यह काम अभी चलता रहेगा।
यह भी पढ़ें: पत्नी की करतूत से दंग रह जाएंगे आप, पति की हालत देख अफसर भी हैरान
गैंगस्टर मामले में याकूब के दोनों बेटे जमानत पर
गैंगस्टर के मामले में हाजी याकूब कुरैशी व उनके दोनों बेटे इमरान व फिरोज को गिरफ्तार किया गया था। अब इमरान और फिरोज जमानत पर हैं। हाजी याकूब जेल में हैं। गैंगस्टर के तहत याकूब परिवार की करोड़ों की संपत्ति जब्त हो चुकी है।