मेरठ: सठला गांव में युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
मेरठ के मवाना क्षेत्र के ग्राम सठला में इमदाद नाम के युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गर्दन पर वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस हमलावर की पहचान और हमले के कारणों की जांच कर रही है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
मेरठ के मवाना क्षेत्र के ग्राम सठला में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सठला निवासी इमदाद पुत्र रफीउल्ला दो दिन पहले ही दिल्ली के जामिया नगर से अपने पैतृक गांव आया था। इसी दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने पीछे से उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: बिजनौर: खुले नाले में डूबकर दो साल के बच्चे की मौत, छह महीने पहले हुआ था निर्माण; परिजनों ने की मुआवजे की मांग
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
हमले में इमदाद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हमलावर की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल हमलावर की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हमला करने वाला युवक गांव का ही रहने वाला है और दो दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जांच के बाद ही हमले की वजह और आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
