प्रेम कहानी का खौफनाक अंत: प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, मचा हड़कंप
मेरठ में टीपीनगर थाना क्षेत्र के पूठा रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस अभी शव ट्रैक से हटा ही रही थी कि तभी पैसेंजर ट्रेन वहां आ गई। बमुश्किल लोगों ने लाल कपड़ा दिखाकर ट्रेन को रुकवाया। इसके बाद शव ट्रैक से हटाए और ट्रेन को रवाना किया। युवक-युवती की मौत से दोनों के परिवार में कोहराम मचा है।
पूठा रेलवे ट्रैक पर सोमवार दोपहर करीब दो बजे युवक-युवती पहुंचे और मालगाड़ी के आगे कूद गए। आस-पास मौजूद लोगों ने यह देखकर शोर मचा दिया। कुछ लोगों की चीख तक निकल गई। ट्रेन के गुजरने के बाद लोग मौके पर दौड़े, तो दोनों शवों के चीथड़े उड़े हुए थे। लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। कुछ ही देर में टीपीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक डालचंद मौके पर पहुंचे। युवती के मोबाइल से मिले नंबर के आधार पर युवक की पहचान नितिन पुत्र विमल निवासी शोभापुर थाना कंकरखेड़ा और युवती की पहचान किठौर निवासी के रूप में हो गई। परिजनों से बात हुई तो घर में कोहराम मच गया। थोड़ी देर बाद युवक और युवती के परिजन भी वहां आ गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों से बात की गई, लेकिन उन्होंने दोनों की आत्महत्या के कारणों से अनभिज्ञता जता दी। परिजनों का कहना था कि कुछ समय पहले दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला था। तब कुछ हंगामा हुआ था, लेकिन बाद में परिजन राजी हो गए थे। जल्द ही शादी होने वाली थी। दोनों ही पक्ष अनुसूचित जाति के हैं।
महिला पुलिस ने हटाया युवती का शव
पुलिस दोनों शव ट्रैक से हटा भी नहीं पाई थी कि एक अन्य ट्रेन का हॉर्न सुनकर लोग सहम गए। हड़कंप मच गया। इसी बीच कुछ लोगों ने लाल कपड़ा दिखाकर पैसेंजर ट्रेन को रुकवा लिया। महिला पुलिसकर्मी ने भीड़ में मौजूद कुछ महिलाओं की मदद से युवती के शव को हटाया।
भीड़ देख बदली आत्महत्या की जगह
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक-युवती पहले मलियाना फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे थे। वहां रेलवे ट्रैक पर काफी देर टहले। वहां भीड़ अधिक थी, तो पूठा रेलवे ट्रैक पहुंच गए। यहां लोग कम थे।
वर्जन
दोनों ही पक्ष अनुसूचित जाति के हैं। लड़का मजदूरी करता था। लड़की का भाई रोडवेज में कंडक्टर के पद पर है। मौत की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि लड़की के भाई ने लिखकर दिया है कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।- डालचंद, इंस्पेक्टर टीपीनगर
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/