Meerut: पुलिस की तैनाती के बावजूद हाजी याकूब की सील लगी फैक्टरी में फिर हुई चोरी
पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की मीट फैक्टरी में पुलिस ने डेढ़ वर्ष पूर्व सील लगा दी थी। तभी से यहां पर पुलिस की तैनाती है। बावजूद इसके फैक्टरी से कीमती एलईडी लाईट चोरी हो गई।
विस्तार
पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के मीट फैक्टरी में इस समय सील लगी है। फैक्टरी में निजी सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया गया था। तभी से फैक्टरी में पुलिसकर्मियों की तैनाती है। फैक्ट्री में कई बार पहले भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
मीट फैक्टरी में अमोनिया प्लांट इंचार्ज बिलाल ने बताया कि सोमवार की रात चोरों ने फिर से पुलिस की तैनाती के बाद भी फैक्टरी से जनरेटर, विद्युत मोटर, फैक्टरी परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की पत्ती, याकूब कुरैशी के बेटे इमरान कुरैशी के कार्यालय से एप्पल कंपनी की एलईडी, चोरी कर ले ली।
सोमवार को कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर राजीव का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कैमरे बंद कराने के कारण हो रही है चोरी की घटनाएं
पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के कानूनी सलाहकार ने बताया फैक्टरी परिसर में 20 कैमरे लगे हैं, जिन्हें पुलिस ने बंद करा दिया। वहीं फैक्टरी में लगी निजी सुरक्षा भी हटा दी गई है। जिस कारण लगातार फैक्टरी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान पैदा हो रहे हैं।