यूपी: कपिल गर्ग बने राजस्थान के नए डीजीपी, खास बातचीत में अमर उजाला से साझे किया अनुभव
मेरठ में सिविल लाइन क्षेत्र के साकेत में एक जुलाई 1959 को जन्मे आईपीएस कपिल गर्ग राजस्थान के पुलिस महानिदेशक बनाए गए हैं। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि मेरठ की देन है जो उन्होंने सफलता का यह मुकाम पाया है। मेरठ में पढ़ाई की आज भी यादें ताजा हैं। सफलता की इबारत मेरठ से ही लिखी गई थी। राजस्थान में कई उच्च पदों पर तैनाती रही है तो मेरठ में भी आना-जाना रहा है।
1983 बैच के आईपीएस अधिकारी कपिल गर्ग का जन्म साकेत में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज से हुई। 1975 में जीआईसी से हाईस्कूल के बाद 12वीं कक्षा पास की। मेरठ से पढ़ाई करने के बाद आईआईटी रुड़की से बीई की परीक्षा पास की। कपिल गर्ग राजस्थान में पुलिस आवास एवं निर्माण निगम के चेयरमैन रहे। शुक्रवार को वह डीजीपी का पदभार संभालेंगे। कई जिलों में एसएसपी रहने के अलावा उदयपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा रेंज में डीआईजी व आईजी के पद पर रहे। एटीएस के एडीजी रहते भी कई सराहनीय कार्य किए। सीआईडी में भी लंबे समय तक तैनात रहे। उनकी दो बड़ी बहनें उषा और निशि हैं। वहीं, छोटे भाई संदीप गर्ग मुंबई में मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।
मेरठ है ऐतिहासिक शहर
कपिल गर्ग बताते हैं कि मेरठ ऐतिहासिक शहर है। जीआईसी में उस समय पढ़ाई की यादें आज भी ताजा हैं। पढ़ाई में उस समय जीआईसी का बड़ा नाम था। यह जीआईसी की देन है जहां से कॅरियर की आधारशिला तैयार हुई। जब भी मेरठ आना हुआ तो दोस्तों से मिलकर एक अलग ही खुशी होती है। जब भी वह परिवार के सदस्यों के साथ मेरठ आए तो ऐसा लगता कि वह राजस्थान में नहीं मेरठ में ही रह रहे हैं।
जनता की मित्र बनकर पुलिस करेगी काम
आईपीएस अधिकारी कपिल गर्ग ने बताया कि पुलिस राजस्थान की जनता की मित्र बनकर काम करेगी। जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाया जाएगा। जनता को बेहतर पुलिसिंग दी जाएगी। जिस पद पर उन्हें जिम्मेदारी दी गई है, उस पद पर रहते हुए वह कानून व्यवस्था सुधारने के साथ सराहनीय कार्य करेंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/