UP: मेरठ वाली ने नीले ड्रम में डाला था, मैं काट कर जमीन में दबा दूंगी, सास पर हमला कर बहू ने दी धमकी
मुजफ्फरनगर जनपद निवासी विवाहिता को प्रेमी के साथ घूमने से मना करने पर हुए विवाद में विवाहिता ने अपने पति व सास को चाकू से वार कर घायल कर दिया। उसने सास की हत्या कर जमीन में दबाने की धमकी दे डाली।
विस्तार
प्रेमी के साथ घूमने से मना करने पर हुए विवाद में पत्नी ने अपने पति व सास को चाकू से वार कर घायल कर दिया। विवाहिता ने कहा कि प्रेमी के साथ जाने से उसे कोई नही रोक सकता। धमकी दी कि मेरठ वाली ने तो नीले ड्रम में डाला था, मैं काट कर जमीन में दबा दूंगी।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के सफीपुर पट्टी निवासी नीरज कुमार की पत्नी गुरुवार को प्रेमी के साथ घूमने से मना करने पर अपने पति व सास पर आग बबूला हो गई। गुस्से में आई विवाहिता ने अपने पति नीरज कुमार व सास को चाकू से वार कर घायल कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 9 मई को आपके शहर में क्या हुआ
विवाहिता ने पति व सास को धमकी देते हुए कहा कि उसे उसके प्रेमी के साथ जाने से कोई नही रोक सकता। उसे प्रेमी के साथ जाने से रोका तो चाकू से काट कर जमीन में दबा दूंगी। कहा कि मेरठ वाली ने तो नीले ड्रम में डाला था, मैं तो काट कर घर में ही जमीन में दबा दूंगी।
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी खुलेआम सिगरेट पीती है। उनके व परिवार वालों के साथ दुर्व्यहार, गाली-गलौज व गलत भाषा का प्रयोग करती है। रोजाना अपने प्रेमी के साथ घूमने जाती है। घायल पति नीरज कुमार ने तहरीर कोतवाली में देकर अपनी पत्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।