UP: पत्नी के अवैध संबंधों का पता चलने पर भड़का पति, प्रेमी समेत दो युवकों को पीटा, दोनों को गंगनहर में फेंका
Meerut News : पत्नी के अवैध संबंध को पता चलने पर पति भड़क गया। इसके बाद पति ने प्रेमी को फोन कर बुला लिया। अपने दोस्त के साथ पहुंचे प्रेमी को पकड़ लिया गया। इसके बाद महिला के पति ने दोस्तों के साथ मिलकर दोनों युवकों को पीटा और फिर गंगनहर में फेंक दिया।
विस्तार
यूपी के मेरठ में दो युवकों की पिटाई करके गंगनहर में फेंकने का मामला प्रकाश में आया है। बताया गया कि जानी क्षेत्र के सिसौला गांव के प्रिंस (25) ने पत्नी से अवैध संबंध के चलते परतापुर के कंचनपुर घोपला निवासी विशाल (24) को 26 अगस्त की रात घर से बुलाया। विशाल अपने दोस्त भूपेंद्र (21) के साथ पहुंचा तो प्रिंस ने दोस्तों के साथ मिलकर दोनों को पकड़ लिया और पिटाई करके गंगनहर में फेंक दिया। किसी को शक न हो इसके चलते दाेनों के मोबाइल शताब्दीनगर में फेंक दिए। बाइक भी गंगनहर में फेंक दी।
बताया गया कि वारदात को अंजाम देने वाले प्रिंस और उसके दोस्तों आकाश और चंदर को परतापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रिंस की पत्नी सोनिया को भी साजिश में शामिल होने का आरोपी बनाया गया है। वहीं, दोनों युवकों के परिजनों ने गुरुवार को परतापुर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और युवकों को तलाश करने की मांग की।
परतापुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर घोपला गांव के रहने वाले विशाल पुत्र ओमपाल और भूपेंद्र पुत्र ब्रजमोहन 26 अगस्त की शाम को बाइक से गांव से निकले था। इसके बाद से दोनों घर नहीं लौटे। दोनों के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए। विशाल के परिजनों ने 30 अगस्त को परतापुर थाने में विशाल की गुमशुदगी दर्ज कराई। पांच सितंबर को भूपेंद्र के परिजनों ने परतापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई तो पुलिस की नींद खुली।
इंस्पेक्टर क्राइम नरेंद्र कुमार ने गांव पहुंचकर पड़ताल की तो सामने आया कि दोनों एक साथ लापता हुए हैं। इसके बाद पुलिस को पता चला कि विशाल के गांव की युवती सोनिया से प्रेम संबंध हैं। सोनिया की तीन महीने पहले शादी हो चुकी है। जांच में सामने आया कि विशाल और सोनिया के बीच प्रेम संबंधों की सोनिया के पति प्रिंस को जानकारी हो गई थी। जिसके बाद प्रिंस गांव आया था, उसकी विशाल से कहासुनी भी हुई थी।
यह भी पढ़ें: Meerut Crime Report: भीड़ से घिरते ही तीसरी मंजिल से कूदा चोर, टूटे पैर, लोहियानगर थाने में पहला मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सोनिया के घर जाकर पूछताछ की तो वह टायलेट में छिप गई। पुलिस ने सोनिया को पकड़ा तो उसने बताया कि उसके पति प्रिंस ने उससे कहा था कि विशाल का उसने इंतजाम कर दिया है। पुलिस ने प्रिंस को पकड़ा तो उसने सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।
यह भी पढ़ें: जी 20 शिखर सम्मेलन: आज शाम से दिल्ली में वाहनों की नो एंट्री, ट्रेनें रद्द, असुविधा में डायल करें ये नंबर