मेरठ के मुंडाली में नंगला कबूलपुर गांव निवासी आकाश कुमार (21) की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि आकाश की प्रेमिका ने अपने पूर्व प्रेमी से वारदात को अंजाम दिलाया। आकाश का शव जानी क्षेत्र के पूठरी गांव स्थित श्मशान में गड्ढा खोदकर दबा दिया था। पुलिस ने प्रेमिका समेत दो को गिरफ्तार कर लिया जबकि सचिन हाथ नहीं आया।
Murder: पहले प्रेमी से कराई दोस्त की हत्या, श्मशान में दबाया शव, वीडियो कॉल पर दोनों से करती थी बात
प्रेम-प्रसंग में मुंडाली के नंगला कबूलपुर निवासी आकाश की हत्या में आरोपी ईशू और ईस्माइल को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि युवती वीडियो कांफ्रेंसिंग पर आकाश और सचिन से एक साथ बात करती थी।
सचिन जब भी युवती को डांटता था तो आकाश उसे धमकाता था। इसके चलते सचिन ने युवती और अपने बीच से आकाश को हटाने का प्लान बनाया। इन तीनों ने आकाश की गला दबाकर हत्या कर गांव के ही शमशान घाट में गड्ढा खोदकर शव दबा दिया था।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूठरी थाना जानी के निवासी हैं। नंगला कबूलपुर निवासी एक युवती उनके गांव में रिश्तेदार के यहां रहती थी। सचिन और युवती में प्रेम-प्रसंग हो गया था। युवती के रिश्तेदारों को जब पता चला तो उसे परिजनों के पास भेज दिया था। इसके बाद भी युवती और सचिन के बीच फोन पर बातें होती रहीं। वह कभी-कभी उसके गांव भी आ जाता था।
इसी दौरान सचिन की दोस्ती युवती के गांव निवासी आकाश से हो गई थी। इसके बाद तीनों वीडियो कांफ्रेंस से बात करने लगे। बाद में युवती सचिन को कुछ नजरअंदाज करने लगी और आकाश के करीब आ गई। इससे सचिन नाखुश था।
युवती की जिद पर चुराया था सचिन का फोन
पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग के दौरान सचिन जब युवती से मिलने गया तो उसने उसका फोन मांग लिया। सचिन ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने आकाश से सचिन का फोन दिलाने को कहा।
दो महीने पहले आकाश ने सचिन को शराब पिलाकर उसका फोन चोरी कर युवती को दे दिया था। इसका पता चलने पर सचिन युवती को डांटने लगा। आकाश युवती का पक्ष लेते हुए अक्सर सचिन को धमकाता था। इस बात से नाराज सचिन ने आकाश को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
श्मशान घाट में पहले ही खोद लिया था गड्ढा
तय किए गए प्लान के तहत चार नवंबर को आकाश को मिलने के लिए बुलाया गया। इससे पहले ही आरोपियों ने गांव के ही शमशान घाट में गड्ढा खोदकर तैयार कर लिया था। बागपत बाइपास चौराहे से आरोपी आकाश को बाइक पर बैठाकर जंगल में ले गए और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को गड्ढे में यहां गड्ढे में दबा दिया।