Meerut: रुला रहे आटा-चावल, दाल, गणतंत्र दिवस पर तिरंगे से लेकर गुब्बारे भी महंगे, चीनी भी हो रही कड़वी
26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर वसंत पंचमी होने के कारण पतंग और मांझे, झंडे से लेकर गुब्बारों की कीमतों में उछाल आया है। यही नहीं आटा, चावल और दाल की कीमतें भी बढ़ गई हैं।
विस्तार
महंगाई ने सबको रुला दिया है। आम आदमी को घर चलाना मुश्किल हो रहा है। 2023 की शुरुआत के साथ गेहूं, आटा, चावल, चीनी, देसी घी सभी के दामों में इजाफा हुआ है। वहीं वसंत पंचमी से पूर्व पतंग का बाजार शबाब पर है। कॉटन और कागज के रेट बढ़े हुए हैं। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर वसंत पंचमी होने के कारण पतंग और मांझे, झंडे, गुब्बारों की कीमतों में उछाल आया है।
सदर मंडी व्यापारी अंकित गुप्ता ने बताया कि कोविड़ के बाद से सभी खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। दालों के दाम 100 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गए हैं। आटे के 10 किलो के कट्टे का भाव भी बढ़कर 370 रुपये प्रति दस किलो हो गए हैं। गंगानगर निवासी अजय शर्मा ने बताया कि दीपावली से खाद्यान्न सहित अन्य वस्तुओं के भाव लगातार प्रति माह बढ़ रहे हैं।
देसी घी के प्रति किलो के भाव 500 के पार पहुंच गए हैं। शास्त्रीनगर निवासी रीना शर्मा ने बताया कि घर खर्च जो दस हजार रुपये प्रतिमाह था वह बढ़कर 15 हजार रुपये प्रतिमाह हो गया है। सदर मंडी व्यापारी अंकित गुप्ता ने बताया कि दिसंबर में गेहूं का औसत मूल्य 30.50 था जो अब बढ़कर 31.90 रुपये प्रति किलो हो गया है। गेहूं की कीमतों में इजाफा होने के साथ आटे की कीमत भी बढ़ गई है।
दिसंबर में आटे की कीमत 35.20 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 37.40 रुपये प्रति किलो हो गई है। बुक स्टॉल संचालन विरेंद्र जैन ने बताया कि कागज की कीमत वृद्धि होने के कारण 40 रुपये में मिलने वाला रजिस्टर 55 रुपये का हो गया है।
यह भी पढ़ें: UP: रामचरितमानस पर टिप्पणी को लेकर आगबबूला हुए भाजपा नेता विनीत शारदा, स्वामी प्रसाद मौर्या को कह डाला कीड़ा
खाद्यान्नों पर नजर
खाद्यान्न प्रति किलो दिसंबर जनवरी
आटे प्रति 10 किलो 325 370
चावल 60 100
उड़द छिलका 100 125
अरहर 105 120
मूंग 110 128
देसी 900 ग्राम 480 545
कपड़े के साथ बढ़े तिरंगे के भी दाम
झंडे साइज पीस कीमत
4 बाई 6 50 70
6 बाई 9 50 120
8 बाई 12 50 250
12 बाई 18 100 1200
20 बाई 30 1 40
30 बाई 45 1 70
40 बाई 60 1 150
4 फीट बाई 6 फीट 1 600
8 फीट बाई 12 फीट 1 350
सजावटी सामान पीस कीमत
बैज 12 60
हैंड बैंड 12 40
गुब्बारे 50 70
बाइक स्टैंड 25 250
स्प्रिंग स्टैंड 10 150
महंगाई के चलते बिगड़ा बजट
घर खर्च नवंबर तक 10 से 12 हजार रुपये था, जो अब 15 से 17 हजार तक हो गया है। बचत भी घटी है। - कविता विश्नोई, जागृति विहार
गेहूं चावल के भी दाम बढ़े
दीपावली के बाद खाद्य तेलों के साथ कास्मेटिक्स के दाम बढ़े। अब गेहूं और चावल के दाम भी बढ़ गए हैं। बजट गड़बड़ा गया है। -सुषमा, मयूर विहार