मेरठ: स्टोर में लगी भीषण आग, 50 लाख के शुगर मिल स्पेयर पार्ट्स राख, ऊपर सो रहे परिवार ने धुआं देखकर बचाई जान
मेरठ के पल्लवपुरम की गंगोत्री कॉलोनी में शुगर मिल के स्पेयर पार्ट्स स्टोर में आग लगने से करीब 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ऊपर सो रहे परिवार के तीन सदस्य धुआं देखकर सुरक्षित बाहर निकल आए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की गंगोत्री कॉलोनी में सोमवार सुबह शुगर मिल के स्पेयर पार्ट्स के स्टोर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्टोर में रखा करीब 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
इस दौरान मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के तीन सदस्य सो रहे थे। स्टोर से धुआं उठता देखकर उन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सोते परिवार ने धुआं उठते देखा, समय रहते निकले बाहर
स्टोर मालिक ओमंद्र गर्ग ने बताया कि सोमवार सुबह करीब छह बजे सोकर उठने के बाद उन्हें मकान के नीचे से धुआं उठता दिखाई दिया। नीचे जाकर देखा तो स्टोर में आग लगी हुई थी और आग तेजी से फैल रही थी। उन्होंने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: यूपी: भारत के पहले समर्पित यूएवी-ड्रोन रनवे का 900 एकड़ में होगा निर्माण, 371.15 करोड़ का टेंडर जारी
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक स्टोर में रखा शुगर मिल के स्पेयर पार्ट्स समेत करीब 50 लाख रुपये का सामान जल चुका था।
कंप्यूटर और जरूरी दस्तावेज भी हुए राख
आग की चपेट में स्टोर में रखे कंप्यूटर, जरूरी रिकॉर्ड और फाइलें भी आ गईं। मालिक के अनुसार आग में सामान के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रिकॉर्ड को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से जांच की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।