Meerut: पुत्रवधू को छोड़ने पहुंचे किसान की संदिग्ध हालात में मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान
मेरठ के सरधना में बेटे की पत्नी को मायके छोड़ने गए कैड़वा गांव के किसान नरेश की मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर पिटाई का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं।
विस्तार
बागपत के कैड़वा गांव निवासी किसान नरेश (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपनी पुत्रवधू को उसके मायके गणेशपुर (सरधना, मेरठ) छोड़ने गए थे, लेकिन लौटे तो घायल हालत में।
परिजनों ने बताया कि नरेश का बेटा अंकित और बहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। जब बात नहीं बनी तो नरेश बृहस्पतिवार को बहू को उसके मायके छोड़ने चले गए।
यह भी पढ़ें: Meerut: दुश्मनों के छक्के छुड़ाने को तैयार आस्था पूनिया, देश की पहली महिला नौसेना लड़ाकू विमान पायलट बनीं
अंकित का आरोप है कि गणेशपुर पहुंचते ही उसके पिता को बहू के परिवारवालों ने बंधक बना लिया और उनके साथ बुरी तरह मारपीट की। किसी तरह नरेश रात को अपनी बेटी के घर रोहटा पहुंचे, लेकिन हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
शव को वापस कैड़वा गांव लाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए हैं।
एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नरेश के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। यह मामला सरधना थाना क्षेत्र का है, इसलिए वहां की पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई कराई जाएगी। रिपोर्ट मेरठ भेजी जा रही है।