Meerut: मां-बाप का कातिल बना बेटा, नशीला मैंगो शेक पिलाया, दोस्त के साथ मिलकर पहले पिता फिर मां का गला काटा
पिता आए दिन मां के मारपीट करते थे। बेटे आर्यन को यह बर्दाश्त से बाहर होने लगा था। सोमवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। इसके बाद आर्यन ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पिता की हत्या साजिश रच डाली, लेकिन पिता के साथ दोनों ने मां को भी मौत के घाट उतार दिया। पढ़ें कैसे वारदात को दिया गया अंजाम।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में दंपती अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहता था। दंपती की सोमवार देर रात बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई। महिला शिक्षक थीं जबकि उनके पति दिल्ली में सरिया फैक्टरी में काम करते थे। इनके दो बच्चे हैं, वे दोनों ही गुरुग्राम में जॉब करते हैं। सोमवार सुबह मां स्कूल नहीं पहुंचीं तो स्कूल से फोन आने पर बेटे आर्यन ने पड़ोसियों को फोन किया और कहा कि मम्मी-पापा कॉल नहीं उठा रहे हैं। एक बार आप जाकर देख लीजिए।
पड़ोसी महिला उनके घर पहुंचीं और बुजुर्ग दादा-दादी को जानकरी देकर ऊपर दूसरी मंजिल पर पहुंचीं। महिला जैसे ही कमरे में गई तो तुरंत चीखती हुई बाहर निकलीं। वहीं, महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कमरे में दंपती को लहूलुहान हालत में बेड पर देख हर किसी की रूह कांप गई। आखिर किसने इतनी हैवानियत से दंपती का मर्डर किया? कौन घर में आया? किससे दंपती की रंजिश थी? इन सभी सवालों के जवाब लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र होकर ढूंढ रही थी। ये मर्डर जैसा दिख रहा था वैसा था नहीं, हकीकत कुछ और ही निकली। सूचना पर आईजी, एसएसपी समेत पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
माता-पिता की मौत की खबर सुनते ही बेटा आर्यन और बेटी दोनों गुरुग्राम से मेरठ पहुंचे। यहां पहुंचते ही बेटी जहां रोते-रोते बेहोश होती रही, तो बेटा आर्यन शवों को देखकर उल्टी करने लगा। वह कभी रोने लगता तो कभी सवाल करने लगता कि आखिर किसने ये सब किया है? पुलिस जांच पड़ताल में लगी थी कि पुलिस के हाथ अहम सुराग लग गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें बेटा आर्यन अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर दिखाई दिया।
इस बात ने भी किया आरोपी की तरफ इशारा
प्रमोद के पिता नरेंद्र कुमार एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां क्लीनिक पर कंपाउंडर हैं। वह सुबह घूमने के लिए भी जाते हैं। ऐसे में रोज जल्दी उठ जाते हैं, लेकिन मंगलवार को वे उठ नहीं पाए। बदहवासी की हालत में रहे। प्रमोद की माता विनोद बाला भी समय से नहीं उठ पाईं।
ऐसे में पुलिस को शक हुआ कि कहीं उन्हें कोई नशीला पदार्थ तो नहीं दिया गया। पुलिस ने घर में तलाशी ली, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। विनोद बाला ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद वे दोनों सो गए थे, इसके बाद क्या हुआ, उनको कुछ नहीं मालूम। पुलिस का शक इसके बाद से ही आर्यन पर गहरा गया था कि कोई घर का ही खाने की चीज में नशीला पदार्थ मिला सकता है।
पुलिस को आरोपी बेटे पर शक हुआ तो उसे हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ हुई, पहले तो वह बहाने बनाता रहा लेकिन जब सख्ती से पूछताछ हुई तो वह टूट गया। अफसरों के सामने पूरी वारदात का सच उगल तो हर कोई हैरान रह गया। हत्यारोपी आर्यन ने बताया कि उसने और उसके दोस्त आदित्य ने ही दोनों की हत्या की है। दोनों ने दंपती के शव पर तब तक वार किए, जब तक उनकी आखिरी सांस नहीं टूट गईं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी आर्यन ने बताया कि उसके पिता प्रमोद मां से अक्सर मारपीट करते थे। यह बर्दाश्त से बाहर हो रहा था। सोमवार को टिंडे की सब्जी में कम रेशा होने पर भी प्रमोद ने मां ममता को पीटा था। इससे गुस्साए आर्यन ने सोमवार को ही पिता को मारने की प्लानिंग कर ली। इसमें अपने दोस्त आदित्य को भी शामिल कर लिया।
रात को आठ बजे वह मैंगो शेक लेकर आया। उसमें नींद की गोली मिलाकर दादा-दादी और मां को पिला दी। उसका प्लान था कि जब तीनों सो जाएंगे तो वह पिता को मार देगा। मैंगो शेक देने के बाद वह रात को पौने 10 बजे गुरुग्राम जाने की बात कहकर घर से निकल गया।
एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि आर्यन की स्कूटी से उसके और आदित्य के खून से सने कपड़े बरामद हो गए हैं। चाकू बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। रात को जब आर्यन आदित्य के साथ घर आया तो उसने 12 सेकेंड तक पिता से फोन पर बात की। इसकी सीडीआर मिल गई है। दोनों हत्यारोपियों से पूछताछ की जा रही है। आज प्रेस वार्ता कर अधिकारी पूरे मामले का खुलासा करेंगे।
फोरेंसिक टीम ने तलाशी ली तो प्रमोद के पिता नरेंद्र के बेड के पास दो सर्जिकल ग्लव्ज रखे मिले। ये ग्लव्ज खोले नहीं गए। प्रमोद की बहन सीमा का कहना था कि ये ग्लव्ज हो सकता है कि कातिल ही लेकर आए हों। रात को पता चला कि उन्हें आर्यन ही लेकर आया था।
दोनों शवों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल की टीम ने किया। नींद की गोली दिए जाने के कारण मौत का कारण स्पष्ट नहीं आया, जिसके कारण विसरा सुरक्षित किया गया।